- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर
रामपुर। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद स्तर पर विकास भवन परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य सूचना आयुक्त सुधीर कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की गई। कार्यक्रम के दौरान विकास भवन सभागार में राष्ट्र प्रेरणा स्थल, लखनऊ से गृह मंत्री एवं मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। साथ ही जनपद में संचालित विकास कार्यों पर आधारित डाक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया।
राज्य सूचना आयुक्त सुधीर कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 से उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस निरंतर मनाया जा रहा है। उसी वर्ष “एक जनपद–एक उत्पाद” की परिकल्पना की गई थी, जो आज पूरे देश में सफलतापूर्वक लागू हो रही है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2026 से “एक जनपद–एक व्यंजन” योजना का शुभारंभ किया गया है, जिससे प्रत्येक जनपद को अपने विशिष्ट व्यंजन के माध्यम से नई पहचान मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। कानून-व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है तथा निवेश के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व प्रगति दर्ज की गई है। प्रदेश में योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है और सड़कों सहित आधारभूत संरचनाओं का व्यापक विकास हुआ है। “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” की परिकल्पना को साकार करने में प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम के दौरान उद्योग विभाग द्वारा 5 उत्कृष्ट उद्यमियों—अर्जित गर्ग (मैसर्स नीरू मेंथाल), नरेश सिंघल (मैसर्स होटल ओपल एवं यूपी-22), व्योम वार्ष्णेय (मैसर्स ईको ऑर्गेनिक), श्रीष गुप्ता (मैसर्स रेडियंस पार्क) एवं अनिल राठौर (मैसर्स इंडियन टोनर्स) को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत प्रीति मुरसैना को कंप्यूटर सेंटर की स्थापना हेतु तथा अमर पाल पनवड़िया को इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग सर्विस उद्योग की स्थापना हेतु 2-2 लाख रुपये का ऋण प्रदान किया गया। वहीं संजय कुमार निवासी मिलक को फूड रेस्टोरेंट की स्थापना हेतु 5 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया।
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत 12 लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई। कृषि विभाग द्वारा 4 कृषकों को नवाचार के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। युवा कल्याण विभाग द्वारा 8 खिलाड़ियों को खेल किट वितरित की गई। एनआरएलएम विभाग द्वारा 5 लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पशुपालन विभाग द्वारा उत्कृष्ट पशुपालकों को सम्मानित किया गया। खादी ग्रामोद्योग विभाग द्वारा बेहतर कार्य करने वाले 6 ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 8 आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत 7 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि जनपद में शासन की मंशानुसार योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों की रैंकिंग में रामपुर मंडल स्तर पर प्रथम तथा प्रदेश स्तर पर आठवें स्थान पर है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
khabre junction
