अंबेडकर आवासीय विद्यालय में भव्य वार्षिकोत्सव,डीएम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया कार्यकम का शुभारंभ
डीएम ने छात्राओं को जीवन कौशल और आत्मनिर्भरता का दिया संदेश
लखीसराय(सरफराज आलम)डॉ० भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, बिहरौरा में गुरुवार को वार्षिकोत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र एवं उप विकास आयुक्त सुमित कुमार सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
वार्षिकोत्सव के अवसर पर विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, जीवन कौशल और नैतिक मूल्यों का विकास भी जरूरी है।
उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने अपने संबोधन में छात्राओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार पाना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार, संवेदनशील और सशक्त नागरिक का निर्माण करना है। उन्होंने विद्यालय द्वारा बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
वार्षिकोत्सव के दौरान छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। आदिवासी नृत्य और झिझिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति के साथ-साथ सोशल मीडिया के प्रभाव और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर आधारित नाटिकाओं ने दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया। प्रस्तुतियों में छात्राओं की कला, आत्मविश्वास और सामाजिक चेतना स्पष्ट रूप से झलकी।
कार्यक्रम के अंत में जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे छात्राओं का उत्साह और मनोबल और बढ़ गया।
इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्राओं के अभिभावक उपस्थित रहे।
