- रिपोर्ट:शिवेंदु श्रीवास्तव
घोरावल (सोनभद्र)। घोरावल क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय खरुआंव में महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पराक्रम दिवस के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक नन्द कुमार शुक्ल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों ने नेताजी के जीवन, उनके संघर्षों तथा देश की आज़ादी में दिए गए अमूल्य योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से नेताजी के आदर्शों—साहस, त्याग, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम—को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक नन्द कुमार शुक्ल के साथ शिक्षक श्री प्रमोद कुमार, श्री संतोष शुक्ल, श्री लवकुश कुमार शुक्ल, श्रीमती संध्या सिंह, श्रीमती सोनम आर्या, श्रीमती पार्वती सहित विद्यालय की रसोइया, समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
शिक्षकों ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में देशभक्ति, आत्मविश्वास और अनुशासन की भावना को सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया।
khabre junction
