खाटूश्याम में कब लगेगा फाल्गुन लक्खी मेला? तारीख का ऐलान, जानें इस बार के 5 बड़े बदलाव

ऐलनाबाद, 21 जनवरी (एम. पी. भार्गव)। राजस्थान के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल बाबा श्याम का वार्षिक फाल्गुन लक्खी मेला इस बार तय समय पर लेकिन कुछ बड़े बदलावों के साथ आयोजित किया जाएगा। वर्ष 2026 में खाटूश्याम जी का फाल्गुन लक्खी मेला 21 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित होगा। इस बार मेला 11 दिनों की बजाय केवल 8 दिनों का होगा, जिस पर मेला कमेटी और जिला प्रशासन ने एकमत से सहमति जताई है।

मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर मंगलवार (20 जनवरी) को सीकर कलेक्ट्रेट में मेला कमेटी और जिला प्रशासन की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने की। इस बैठक में सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। अधिकारियों के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में पहली बार मेले की अवधि कम की गई है। इससे पहले हर साल 8 दिनों से अधिक समय तक मेला आयोजित किया जाता रहा है।

इस बार मेले में होंगे 5 बड़े बदलाव

1. दो नहीं, अब तीन एग्जिट एरिया
पिछले वर्षों में मेले के दौरान दो एग्जिट एरिया बनाए जाते थे। इनमें कबूतर चौक की ओर 4 लाइनों का और कला भवन की ओर 10 लाइनों का एग्जिट रहता था। इस बार कला भवन की ओर जाने वाली 10 लाइनों में से 4 लाइनों को गुवाड़ चौक से निकाला जाएगा। यह फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि पूर्व में एक साथ 10 लाइनों के निकलने से कई बार भगदड़ जैसे हालात बन जाते थे।

2. 75 फीट ग्राउंड के एंट्रेंस पर नया ओवरब्रिज
अब तक श्रद्धालुओं की लाइन 40 फीट रोड से होते हुए 75 फीट ग्राउंड के रास्ते मंदिर की ओर जाती थी। इस दौरान लाइन के दूसरी तरफ जाने का कोई सुरक्षित विकल्प नहीं था। इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लाइन के ऊपर से एक फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा।

3. रियल टाइम क्राउड मैनेजमेंट के लिए CCTV कैमरे
अब तक खाटू कस्बे और दर्शन मार्ग में 400 से 500 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाते थे, लेकिन खाटू की ओर आने वाली भीड़ की रियल टाइम जानकारी पुलिस के पास नहीं रहती थी। अब मंडा और रींगस मार्ग पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे पुलिस को आने वाली भीड़ की सटीक और तुरंत जानकारी मिल सकेगी।

4. बैरिकेडिंग की हाइट बढ़ेगी
श्रद्धालुओं की कतारों में लगाई जाने वाली बैरिकेडिंग की ऊंचाई इस बार बढ़ाई जाएगी, ताकि कोई भी श्रद्धालु एक लाइन से दूसरी लाइन में कूदकर न जा सके और अव्यवस्था की स्थिति न बने।

5. नए पार्किंग स्पॉट तैयार होंगे
हर साल एकादशी के दिन भारी भीड़ के कारण पार्किंग और ट्रैफिक की गंभीर समस्या सामने आती है। इस बार नए पार्किंग स्पॉट तैयार किए जाएंगे, जिससे वाहनों की आवाजाही सुचारु रहे और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

वहीं श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। प्रशासन और मंदिर कमेटी के समन्वय से इस बार फाल्गुन लक्खी मेले को और अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.