गोविंदा ने पत्नी सुनीता आहूजा के आरोपों पर तोड़ी चुप्पी, बोले– मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही है

एक लंबे समय बाद बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा ने अपनी पत्नी सुनीता आहूजा के बयानों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। पत्नी द्वारा लगाए गए अफेयर और पारिवारिक आरोपों पर गोविंदा ने साफ कहा है कि उनके खिलाफ साजिश की जा रही है और इसमें उनके अपने लोगों को ही माध्यम बनाया जा रहा है।

दरअसल, सुनीता आहूजा ने हाल ही में गोविंदा पर आरोप लगाते हुए कहा था कि 63 साल की उम्र में उनका अफेयर चल रहा है, जिससे बच्चों पर भी बुरा असर पड़ा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि गोविंदा ने अपने बेटे यशवर्धन को करियर में सपोर्ट नहीं किया। अब इन सभी मुद्दों पर गोविंदा ने अपनी चुप्पी तोड़ी है।

“मैंने कितनी शादियां की हैं?”
गोविंदा ने कहा, “आप ही बताइए, इस उम्र में मैंने अभी तक कितनी शादियां की हैं? दो, तीन? जो लोग कई बार शादियां करते हैं, उनकी पत्नियां कुछ नहीं कहतीं। वे समाज में भी इस तरह की बातें नहीं उछालते। लेकिन जब आपको दरकिनार किया जाता है, तब इंसान सोचता है कि इससे बाहर कैसे निकले।”

भांजे कृष्णा अभिषेक को किया सतर्क
अभिनेता ने दावा किया कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है और इसमें परिवार को ही इस्तेमाल किया जा रहा है। गोविंदा ने बताया कि उन्होंने अपने भांजे कृष्णा अभिषेक को भी सतर्क किया था।
उन्होंने कहा, “मैंने कृष्णा से कहा कि स्क्रिप्ट राइटर तुम्हें ऐसी लाइनें दे रहा है, जिनसे मेरा अपमान होता है। उनके आसपास के लोग रिश्तों की नहीं, बल्कि टीआरपी की चिंता करते हैं। जब मैंने कृष्णा को सचेत किया तो सुनीता गुस्सा हो गई। मैं शांत स्वभाव का इंसान हूं, लेकिन समझ नहीं पाता कि लोग कब ठीक होते हैं और कब गुस्सा।”

बेटे यशवर्धन को सपोर्ट न करने पर सफाई
बेटे यशवर्धन को सपोर्ट न करने के आरोपों पर गोविंदा ने कहा कि वह जानबूझकर ऐसा करते हैं।
उन्होंने कहा, “मैं अपनी औकात के हिसाब से काम करता हूं। स्टार किड होने की आलोचना किसी को भी अंदर से तोड़ देती है। मैं अपने बच्चों के लिए किसी डायरेक्टर या प्रोड्यूसर से सिफारिश नहीं करता। मैं अपने ऊपर कोई दाग नहीं लेना चाहता। मैं चाहता हूं कि मेरा बेटा अपनी पहचान खुद बनाए।”

अंत में गोविंदा ने दोहराया कि उनके खिलाफ साजिश चल रही है और इसमें उनके अपने लोगों को आगे किया जा रहा है। अभिनेता के इस बयान के बाद एक बार फिर उनके निजी जीवन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.