गौतमबुद्ध नगर।घने कोहरे, अत्यधिक ठंड और बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव के मद्देनज़र जिला प्रशासन गौतमबुद्ध नगर ने स्कूलों की समय-सारणी में बदलाव किया है। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
बीएसए द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद गौतमबुद्ध नगर में संचालित परिषदीय, अशासकीय, राजकीय विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई, आईबी, यूपी बोर्ड एवं अन्य बोर्डों से मान्यता प्राप्त सभी विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक की सभी कक्षाओं का संचालन 19 जनवरी 2026 से आगामी आदेश तक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा।
आदेश में कहा गया है कि घने कोहरे, भीषण शीतलहर और प्रदूषण के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। सुबह के समय अत्यधिक ठंड और कम दृश्यता के चलते विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं और बीमारियों की आशंका बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
यह आदेश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गौतमबुद्ध नगर राहुल पंवार द्वारा जारी किया गया है, जिसमें सभी विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सूचना अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भेजी गई है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी प्रदूषण और ठंड की गंभीर स्थिति को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर हाइब्रिड मोड में पढ़ाई की व्यवस्था की गई है। एनसीआर में बीते कई दिनों से वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद सहित कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स बेहद खराब स्तर पर दर्ज किया गया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार घने कोहरे और स्मॉग की चादर सुबह के समय पूरे क्षेत्र को ढके हुए है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
khabre junction
