मानव संरक्षण कल्याण संगठन के तत्वाधान में महिला स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार का आयोजन

ऐलनाबाद,18 जनवरी (एम पी भार्गव) मानव संरक्षण कल्याण संगठन के तत्वाधान में शनिवार को ममेरा रोड पर महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर एक महिला स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आए हुए अतिथियों के स्वागत हेतु बुके भेंट कर तथा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई।

कार्यक्रम में संगठन की महिला शहरी अध्यक्ष कमलेश सैनी ने सभी अतिथियों एवं सेमिनार में शामिल हुई महिलाओं का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शहर में अनेक संस्थाएं विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं, लेकिन मानव संरक्षण कल्याण संगठन हमेशा जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता देता आया है। इसी कड़ी में ऐलनाबाद में महिला स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया है, जिसमें गांव व शहर की बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की।

संगठन की महिला सचिव मंजू सोनी ने बताया कि सेमिनार के दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ब्लड, शुगर, हीमोग्लोबिन सहित अन्य फ्री स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई। उन्होंने बताया कि इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ बड़ी संख्या में महिलाओं ने उठाया। उन्होंने कहा कि संगठन समाज की जरूरत के हर कार्य के लिए सदैव तत्पर रहता है, चाहे वह ब्लड कैंप हो, स्वास्थ्य शिविर हो या महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता का कार्य।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता भारतीय जनता पार्टी की पूर्व जिला अध्यक्ष निताशा सिहाग ने कहा कि अक्सर महिलाएं परिवार के पालन-पोषण में इतनी व्यस्त हो जाती हैं कि अपने स्वास्थ्य की ओर ध्यान ही नहीं दे पातीं। ऐसे में महिलाओं के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं, जिन्हें सामाजिक संस्थाओं द्वारा निरंतर आयोजित किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए ए.एस.आई किरण पाल कौर ने कहा कि महिलाओं का जीवन परिवार की दिनचर्या में ही गुजर जाता है और वे अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देती हैं। उन्होंने कहा कि यदि पूरा परिवार किसी बीमारी की चपेट में आ जाए तो एक महिला ही सभी को संभाल लेती है, लेकिन यदि वही महिला बीमार पड़ जाए तो पूरा परिवार अस्त-व्यस्त हो जाता है।

सिविल हॉस्पिटल से कार्यक्रम में पहुंचीं डॉ. कन्नू प्रिया ने कहा कि एक महिला होने के नाते वह महिलाओं की भावनाओं को भली-भांति समझती हैं। महिलाएं परिवार के मान-सम्मान में इतनी व्यस्त रहती हैं कि अपने स्वास्थ्य की ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दे पातीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम हर जगह आयोजित होने चाहिए, ताकि महिलाएं इनका लाभ उठा सकें।

इस मौके पर ममता फुटेला, सरोज सहू, रजनदीप कौर, कविता सिहाग, प्रियंका सिहाग, पूनम, पुष्पा देवी सहित संगठन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.