कासगंज में राज्य कर विभाग का व्यापारी संवाद, जीएसटी सुधारों पर हुई चर्चा, व्यापारियों ने रखे सुझाव

  • रिपोर्ट: हरिश्चंद चंद्र

कासगंज।कासगंज में राज्य कर विभाग द्वारा आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम श्री गणेश इंटर कॉलेज में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी, कासगंज रहे। इस अवसर पर जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित व्यापारियों को प्रदेश सरकार की नीतियों एवं जीएसटी-2 में किए गए सुधारों की विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान सम्मानित अधिवक्ताओं एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जीएसटी से जुड़ी विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं और अपने सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल ने अपने वक्तव्य में कहा कि पूर्व में जीएसटी के कुछ ऐसे कठोर प्रावधान थे, जिनके तहत व्यापारियों को जेल तक जाना पड़ता था। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा ऐसे प्रावधानों को समाप्त किए जाने को व्यापारियों के लिए बड़ी राहत और सराहनीय कदम बताया।

अखिलेश अग्रवाल ने यह भी कहा कि वर्ष 2007-08 की पुरानी मांगों को लेकर अब भी नोटिस भेजे जा रहे हैं, जबकि 17 वर्ष पुराना रिकॉर्ड सुरक्षित रखना किसी भी व्यापारी के लिए संभव नहीं है। उन्होंने मांग की कि इतने पुराने मामलों में नोटिस भेजना बंद किया जाए तथा जीएसटी रिकॉर्ड रखने की एक निश्चित समय-सीमा तय की जाए। इसके अलावा उन्होंने सुझाव दिया कि यदि किसी प्रकार की मांग प्रस्तुत की जाती है तो उसके लिए नोटिस के माध्यम से कम से कम 15 दिन का समय दिया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों की उधारी की वसूली में विभाग की भी जिम्मेदारी तय की जाए, जिससे व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।

कार्यक्रम में व्यापार मंडल के सुरेश रमेश साहू, अंकित अग्रवाल, अमित महाजन, डॉ. विकास गुप्ता, राकेश बिरला, वैभव अग्रवाल, साकेत बिंदल, विवेक दयाल, राकेश अग्रवाल, विकास तायल सहित शहर के अनेक सम्मानित अधिवक्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं व्यापारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.