मोदीनगर।निर्दोष सोनू कश्यप की निर्मम हत्या के विरोध एवं पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर विधानसभा मोदीनगर के लोकप्रिय अध्यक्ष देवव्रत धामा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी मोदीनगर को सौंपा गया। ज्ञापन में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
इस अवसर पर देवव्रत धामा ने कहा कि सरधना में हुआ निर्दोष सोनू कश्यप का जघन्य हत्याकांड पूरे समाज को झकझोर देने वाला है। यह घटना केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं है, बल्कि पूरे कश्यप समाज के स्वाभिमान और सुरक्षा पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो समाज में भय और असुरक्षा का माहौल और गहराएगा।
ज्ञापन सौंपने से पूर्व समस्त समाजवादी कार्यकर्ता एवं कश्यप समाज के लोग गोविंदपुरी, पिलर नंबर 1278 स्थित समाजवादी पार्टी के विधानसभा कार्यालय पर एकत्रित हुए। वहां से सभी ने पैदल मार्च करते हुए नारेबाजी के साथ तहसील परिसर तक पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में देवव्रत धामा ने कड़ाके की ठंड के बावजूद शांतिपूर्ण प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए कश्यप समाज के सम्मानित बंधुओं, युवाओं, माताओं और बहनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “आज नहीं उठे तो कल हमारी बारी होगी। एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”
इस दौरान राजेश जाटव, दिग्विजय देशवाल, अभिषेक खन्ना, मनजीत नेहरा, रिजवान, फारुख मलिक (नगर अध्यक्ष पतला), प्रदीप कश्यप, राहुल, सैकी, सूरज, पंकज माहेश्वर, शाहरुख, आबिद जहांगीरपुर सहित अनेक लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
khabre junction
