लखीसराय के रामगढ़ चौक प्रखंड में एसडीएम की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक
अतिक्रमण, पेयजल, कृषि व पंचायत योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
लखीसराय(सरफराज आलम)रामगढ़ चौक प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन में बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी लखीसराय श्री प्रभाकर कुमार की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रखंड क्षेत्र से जुड़े विकासात्मक, प्रशासनिक एवं जनहित से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक से पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक कुमार एवं माननीय प्रमुख महोदया द्वारा एसडीएम श्री प्रभाकर कुमार को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। बैठक में प्रखंड के सभी विभागीय पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, मुखिया एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पेयजल आपूर्ति की समस्या प्रमुखता से उठाई गई। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि इस संबंध में कई बार प्रखंड पीएचईडी के कनीय अभियंता को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो सका है। इस पर एसडीएम ने संबंधित विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रमुख खुशबु कुमारी ने कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी पंचायत स्तर पर नहीं पहुंचने पर आपत्ति जताई और बीज वितरण सूची उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर एसडीएम ने कृषि विभाग को समुचित जानकारी साझा करने का निर्देश दिया।
बैठक में राजस्व अधिकारी को निर्देश दिया गया कि भूमिहीन महादलित परिवारों को भूमि बंदोबस्त कर परचा निर्गत करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। वहीं, आपूर्ति निरीक्षक को राशन कार्ड निर्माण को लेकर शिविर आयोजन की जानकारी जनप्रतिनिधियों को देने तथा बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी मुखिया को पंचायत योजनाओं के क्रियान्वयन में निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार के गठन के बाद आम लोगों की विकास को लेकर अपेक्षाएं बढ़ी हैं। मुंगेर प्रमंडल आयुक्त के निर्देश का हवाला देते हुए उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ नियमित मासिक समीक्षा बैठक आयोजित करने पर बल दिया, ताकि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में नोनगढ़ पंचायत के मुखिया द्वारा तालाब सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव रखा गया। वहीं मत्स्य पदाधिकारी ने मत्स्य पालन से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को सरकारी मापदंडों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
