उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के हस्तक्षेप से टली पुरानी बाजार उप-डाकघर की शिफ्टिंग

गुपचुप शिफ्टिंग की कोशिश पर भड़के व्यापारी,जन आक्रोश व पत्राचार के बाद डाक विभाग ने पीछे खींचा कदम

लखीसराय(सरफराज आलम)पुरानी बाजार स्थित उप-डाकघर को स्थानांतरित करने की डाक विभाग की कोशिशों पर गुरुवार को पूर्णतः विराम लग गया। बिहार के उपमुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक विजय कुमार सिन्हा के सख्त रुख और स्थानीय जनता के एकजुट विरोध के चलते विभाग को अपना निर्णय वापस लेना पड़ा।जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह ड्यूटी आवर शुरू होने से पहले ही डाकघर के कर्मचारी चुपचाप कार्यालय खाली करने और सामान समेटने पहुंचे थे। इसकी भनक लगते ही स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में आक्रोश फैल गया और मौके पर ही विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को शांत कराया।
इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी तुरंत उप मुख्यमंत्री एवं डीएम को दी।साथ ही जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर मामले में त्वरित हस्तक्षेप की मांग की।बताया गया कि विगत दिनों जब उप-डाकघर को बंद अथवा स्थानांतरित करने का आदेश जारी हुआ था, उसी समय व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उपमुख्यमंत्री को आवेदन देकर जनभावनाओं से अवगत कराया था।इसे गंभीरता से लेते हुए डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने 14 जनवरी को ही चीफ पोस्ट मास्टर जनरल (सीपीएमजी) को पत्र भेजकर उप-डाकघर को यथावत रखने का निर्देश दिया था। उपमुख्यमंत्री के व्यक्तिगत हस्तक्षेप और निरंतर दबाव के बाद डाक विभाग ने आधिकारिक रूप से शिफ्टिंग पर रोक लगाने का आश्वासन दिया।अब पुरानी बाजार स्थित उप-डाकघर अपने पूर्ववत स्थान पर ही विधिवत रूप से संचालित होता रहेगा। इस निर्णय से क्षेत्र के बुजुर्गों, पेंशनभोगियों एवं व्यापारियों में हर्ष और राहत का माहौल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.