लखीसराय गुरुद्वारे में धूमधाम से मना लोहड़ी पर्व, डीएम मिथिलेश मिश्र ने संगत संग लंगर परोसकर सेवा भाव

सामाजिक समरसता और भाईचारे का दिया संदेश

लखीसराय।शहर के पंजाबी मुहल्ला स्थित गुरुद्वारे में लोहड़ी का पावन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र सपरिवार गुरुद्वारे पहुंचे, मत्था टेका और गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने संगत को लोहड़ी पर्व की लख-लख बधाई दी।गुरुद्वारे के ज्ञानी सुरजीत सिंह द्वारा प्रस्तुत शब्द, भजन एवं कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कीर्तन के दौरान जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र भी भक्ति में लीन नजर आए। गुरुद्वारा पहुंचने पर गुरु प्रबंधक कमेटी द्वारा जिलाधिकारी एवं उनके परिवार के सभी सदस्यों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।वहीं गुरुद्वारा परिसर में परंपरागत रूप से अग्नि प्रज्वलित कर तिल, मक्के के दाने, मूंगफली, रेवड़ी एवं गुड़ से बनी गजक अग्नि में अर्पित की गई। इस दौरान लोहड़ी के पारंपरिक गीत “सुंदर मुंदरिए, तेरा कौन विचारा… दुल्ला भट्टीवाला” सहित अन्य गीतों की गूंज से माहौल उल्लासपूर्ण बना रहा और रस्में पूरी की गईं।गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने बताया कि लोहड़ी मकर संक्रांति से एक दिन पूर्व मनाया जाने वाला महत्वपूर्ण सांस्कृतिक पर्व है, जो अच्छी फसल, समृद्धि, नई शुरुआत और सामुदायिक एकता का प्रतीक माना जाता है।कार्यक्रम के समापन पर लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें सभी संगत ने एक पंगत में बैठकर लंगर का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने स्वयं लंगर परोसकर सेवा भाव, सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.