Makar Sankranti 2026: सूर्य देव के मकर राशि में प्रवेश का पर्व, जानिए अर्घ्य देने का शुभ समय और सही विधि

हिंदू धर्म में मकर संक्रांति का पर्व आध्यात्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दिन ग्रहों के राजा सूर्य धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करते हैं, इसी कारण इसे मकर संक्रांति कहा जाता है। सूर्य के उत्तरायण होने के साथ ही ऋतु परिवर्तन का संकेत भी मिलता है। इस वर्ष मकर संक्रांति का पर्व 14 जनवरी 2026 को पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।

मकर संक्रांति के दिन सूर्य देव की पूजा, स्नान और दान का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन सूर्य देव को विधिपूर्वक अर्घ्य देने से पुण्य फल की प्राप्ति होती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

मकर संक्रांति पर सूर्य देव को अर्घ्य देने का शुभ समय
शास्त्रों के अनुसार, मकर संक्रांति के दिन पुण्यकाल का विशेष महत्व होता है। जिस समय सूर्य मकर राशि में प्रवेश कर उत्तरायण होते हैं, उसी समय से पुण्यकाल आरंभ हो जाता है।
वैदिक पंचांग के अनुसार 14 जनवरी 2026 को पुण्यकाल सुबह 7 बजकर 15 मिनट से शुरू होकर शाम 5 बजकर 45 मिनट तक रहेगा। इस अवधि में स्नान, दान और पूजा करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।

मकर संक्रांति के दिन ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करना अत्यंत शुभ माना गया है। स्नान के बाद सूर्योदय के पश्चात सूर्य देव को अर्घ्य देना श्रेष्ठ फलदायी होता है।

सूर्य देव को अर्घ्य देने की सही विधि
– मकर संक्रांति के दिन स्वच्छ वस्त्र धारण करें। यदि संभव हो तो लाल रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है।
– सूर्य देव को अर्घ्य देने के लिए तांबे के पात्र का ही प्रयोग करें। स्टील या अन्य धातु के पात्र का उपयोग न करें।
– तांबे के लोटे में शुद्ध जल भरें और उसमें थोड़ा सा गंगाजल मिलाएं। इसके बाद काले तिल, अक्षत, कुमकुम और लाल फूल डालें।
– अर्घ्य देते समय लोटे को दोनों हाथों से पकड़कर सिर के ऊपर तक ले जाएं और धीरे-धीरे जल की धारा सूर्य देव की ओर अर्पित करें।
– ध्यान रखें कि जल गिराते समय आपकी दृष्टि जल की धार के बीच से सूर्य देव पर टिकी हो। मान्यता है कि उस समय सूर्य की किरणें स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होती हैं।
– अर्घ्य देने के बाद उसी स्थान पर खड़े होकर तीन बार घड़ी की दिशा (क्लॉकवाइज़) में परिक्रमा करें।

इस प्रकार विधिपूर्वक सूर्य देव की पूजा और अर्घ्य से मकर संक्रांति के दिन स्वास्थ्य, समृद्धि और पुण्य की प्राप्ति होती है।

 

khabre junction

डिस्क्लेमर- यहां दी गई जानकारियां सामाजिक और धार्मिक आस्थाओं पर आधारित हैं। khabrejunction.com इनकी पुष्टि नहीं करता।

Leave A Reply

Your email address will not be published.