- रिपोर्ट: जीतेन्द्र कुमार
गाजियाबाद। मोदीनगर से सामने आए एक वायरल वीडियो ने इलाके में सनसनी फैला दी है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में एक रेस्टोरेंट के अंदर युवक-युवती को घेरकर मारपीट किए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं। वीडियो में युवक खुद को बार-बार हिंदू बताता हुआ सुनाई देता है, जबकि भीड़ उससे नाम और आधार कार्ड मांगती नजर आ रही है।
बताया जा रहा है कि यह घटना मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र के निवाड़ी रोड स्थित एक पिज्जा रेस्टोरेंट की है। करीब डेढ़ मिनट के वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि रेस्टोरेंट के केबिन का दरवाजा खुलवाकर युवती को बाहर निकाला जाता है और युवक के साथ कथित रूप से मारपीट की जाती है। आरोप है कि युवक को मुस्लिम समझकर निशाना बनाया गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। डीसीपी ग्रामीण ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है और आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ताओं ने मारपीट के आरोपों को खारिज किया है। संगठन का कहना है कि उनके कार्यकर्ता किसी तरह की हिंसा में शामिल नहीं थे, बल्कि सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ बीच-बचाव के लिए मौके पर पहुंचे थे। उनका दावा है कि वीडियो को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
घटना के बाद बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मोदीनगर थाने का घेराव कर पुलिस कार्रवाई का विरोध भी किया। सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे मोरल पुलिसिंग बता रहे हैं, जबकि कुछ संगठन के समर्थन में नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।
khabre junction
