अशोकधाम में रामकथा को लेकर चौक-चौबंद रहेगी सुरक्षा व्यवस्था, डीएम-एसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग*

श्रद्धालुओं की सुरक्षा,भीड़ प्रबंधन व यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

श्रद्धालुओं की सुरक्षा,भीड़ प्रबंधन व यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

(सरफराज आलम)अशोकधाम मंदिर प्रांगण में 3 जनवरी से 11 जनवरी तक आयोजित होने वाली श्रीराम कथा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। आयोजन के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर शुक्रवार को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने संयुक्त रूप से ब्रीफिंग कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ब्रीफिंग के दौरान डीएम और एसपी ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को उनके दायित्वों और जिम्मेदारियों से अवगत कराया। जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि श्रीराम कथा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना रहती है। ऐसे में विधि-व्यवस्था संधारण, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा एवं आपातकालीन सेवाओं की समुचित व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, सजगता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। आयोजन स्थल के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।

ब्रीफिंग के उपरांत अधिकारियों ने आयोजन स्थल का भौतिक निरीक्षण भी किया। इस दौरान पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, नियंत्रण कक्ष, अग्निशमन व्यवस्था एवं मेडिकल सहायता से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही अधिकारियों से सुझाव भी लिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन की ओर से आमजन से अपील की गई है कि श्रीराम कथा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें, जिससे यह पावन आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

इस अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) शशि कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, यातायात व साइबर डीएसपी सहित प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.