- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। विकास भवन सभागार में उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी जागृत अवस्थी ने की। बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के क्रियान्वयन में आ रही दिक्कतों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि उपायुक्त उद्योग कार्यालय से फाइलें बैंकों को भेजे जाने के बाद महीनों तक वहीं लंबित पड़ी रहती हैं। इसके बाद लाभार्थियों को बार-बार दस्तावेजों के लिए दौड़ाया जाता है, जिससे परेशान होकर कई लोग योजना का लाभ लिए बिना ही प्रक्रिया छोड़ देते हैं।
व्यापारियों ने बैठक में यह भी बताया कि जिले की कई पुरानी समस्याएं अब तक जस की तस बनी हुई हैं, जिनका समाधान नहीं हो सका है। कौशल शर्मा ने सुझाव दिया कि उद्योग बंधु की बैठक में ही व्यापार से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा के लिए व्यापार बंधु की बैठक भी साथ में आयोजित की जाए। इस संबंध में वाणिज्य कर अधिकारियों से संपर्क कर अनुरोध भी किया गया।
बैठक में 3 करोड़ 49 लाख की लागत से बने बस स्टैंड का मुद्दा भी उठाया गया। बताया गया कि मिर्जापुर डिपो की बसें नियमों के विपरीत फ्लाईओवर के नीचे से संचालित की जा रही हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है। साथ ही पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा पास में होने के कारण भीड़भाड़ और अराजक गतिविधियों का खतरा बना रहता है, पूर्व में चोरी की घटनाएं भी हो चुकी हैं। इस विषय में पूर्व में संबंधित अधिकारियों को पत्राचार किया जा चुका है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
आज पुनः 30 दिसंबर को आयोजित बैठक में इस मामले को प्रमुखता से रखते हुए शीघ्र समाधान की मांग की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि समस्या का समाधान जल्द कराया जाएगा।
बैठक में नगर अध्यक्ष प्रशांत जैन, जिला उपाध्यक्ष नागेंद्र मोदनवाल, विमल अग्रवाल, चंदन केसरी सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।
