अल्मोड़ा (उत्तराखंड)। देवभूमि उत्तराखंड से एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। अल्मोड़ा जिले की भिकियासैंण तहसील क्षेत्र में शिलापनी के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस भिकियासैंण से रामनगर की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन शिलापनी क्षेत्र के पास पहुंचा, चालक का अचानक बस से नियंत्रण हट गया। पहाड़ी मार्ग संकरा होने के कारण बस सीधे गहरी खाई में समा गई।
हादसा इतना भीषण कि मच गई चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भयावह था। बस के गिरते ही उसके परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। खाई गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन का पूरा सहयोग किया।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
पुलिस सूत्रों के अनुसार बस में करीब 12 यात्री सवार थे। हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जिला प्रशासन ने बताया कि घायलों को हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
जांच के आदेश संभव
मृतकों के शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों और घायलों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी की जा रही है। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए जा सकते हैं। प्रारंभिक तौर पर खराब सड़क या तकनीकी खराबी को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि भिकियासैंण-विनायक मोटर मार्ग पर बस दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि घायल यात्रियों को तत्काल अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और गंभीर रूप से घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है। पूरे मामले की लगातार निगरानी की जा रही है और प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
khabre junction
