- रिपोर्ट: कपिल सिंह
बाराबंकी।जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के नेतृत्व में आयोजित जनता दर्शन में प्राप्त विभिन्न विभागों से जुड़े शिकायत पत्रों का प्रशासन द्वारा सकारात्मक एवं संतुलित ढंग से निस्तारण किया गया, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिली। जल निकासी, अवैध कब्जा, चकमार्ग, विद्युत कनेक्शन, ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि तथा काशीराम आवास से संबंधित मामलों में संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए समाधान सुनिश्चित किया।
जल निकासी समस्या का तात्कालिक समाधान
नवाबगंज क्षेत्र में जल निकासी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नाली की सफाई का कार्य तत्काल करा दिया गया। स्थल निरीक्षण के बाद यह भी स्पष्ट किया गया कि स्थायी नाली निर्माण हेतु लगभग 1.50 लाख रुपये का व्यय संभावित है, जिसे धन की उपलब्धता एवं बोर्ड की स्वीकृति के पश्चात कराया जाएगा। फिलहाल समस्या का अस्थायी समाधान कर दिया गया है।
अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई
रामनगर तहसील के ग्राम हरसौली में चकमार्ग संख्या-350 की पैमाइश कराकर अवैध कब्जा हटवाया गया। वहीं फतेहपुर क्षेत्र में गाटा संख्या-2565 पर किए गए अवैध कब्जे को राजस्व एवं पुलिस टीम द्वारा हटाया गया तथा दोबारा कब्जा न करने की सख्त चेतावनी दी गई। नगर पंचायत सुबेहा की भूमि से अतिक्रमण हटाकर खेतों तक जाने का रास्ता भी उपलब्ध कराया गया।
काशीराम कॉलोनी के मामलों में मानवीय रुख
काशीराम कॉलोनी से जुड़े प्रकरणों में प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाया। एक मामले में बकाया राशि की वसूली के बाद नया विद्युत कनेक्शन जारी कर स्मार्ट मीटर लगाया गया। वहीं अभयनगर काशीराम कॉलोनी में निवास कर रही महिला को वैकल्पिक व्यवस्था होने तक आवास में बने रहने की अनुमति दी गई। ग्रामीण क्षेत्र में ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि का प्रस्ताव आगामी बिजनेस प्लान 2026–27 में शामिल किए जाने की जानकारी दी गई।
जनता दर्शन में किए गए त्वरित और प्रभावी निस्तारण से प्रशासन की कार्यशैली की सराहना की जा रही है और आमजन में भरोसा मजबूत हुआ है।
khabre junction
