बांग्लादेशी रॉकस्टार जेम्स के कॉन्सर्ट पर हमला, कट्टरपंथी हिंसा में 25 लोग घायल

बांग्लादेश के मशहूर रॉकस्टार फारूक महफूज अनम उर्फ ‘जेम्स’ एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई नया गीत नहीं बल्कि उनके साथ हुई हिंसक घटना है। बॉलीवुड में ‘भीगी-भीगी’ और ‘अलविदा’ जैसे कालजयी गीत देने वाले इस महान गायक को अपने ही देश में बढ़ती वैचारिक कट्टरता का शिकार होना पड़ा।

ढाका से करीब 120 किलोमीटर दूर फरीदपुर में एक स्कूल के स्थापना दिवस समारोह के दौरान आयोजित जेम्स के कॉन्सर्ट पर अचानक कट्टरपंथी भीड़ ने हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ ने मंच की ओर ईंट-पत्थर और कुर्सियां फेंकीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हिंसा में 25 से अधिक लोग घायल हो गए। स्थिति बिगड़ते देख आयोजकों को सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम बीच में ही रद्द करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि उपद्रवियों के एक समूह ने जबरन आयोजन स्थल में घुसने की कोशिश की, जिसका विरोध करने पर वे हिंसक हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात करना पड़ा।

जेम्स का असली नाम फारूक महफूज अनम है। उनका जन्म वर्ष 1964 में हुआ था और उनका पालन-पोषण चटगांव में हुआ। उनके पिता एक सरकारी अधिकारी थे और चटगांव शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत रहे। संगीत की दुनिया में जेम्स ने 1980 के दशक में कदम रखा और प्रसिद्ध रॉक बैंड ‘नगर बाउल’ (पहले ‘फीलिंग्स’) के फ्रंटमैन बने। 1987 में बैंड का पहला एल्बम ‘स्टेशन रोड’ और 1988 में उनका सोलो एल्बम ‘अनोना’ रिलीज हुआ, जिसने उन्हें बांग्लादेश में स्टार बना दिया।

भारत में जेम्स को खास पहचान 2005 में आई फिल्म ‘गैंगस्टर’ के सुपरहिट गीत ‘भीगी-भीगी’ से मिली। इसके बाद उन्होंने ‘वो लम्हे’ और ‘लाइफ इन ए मेट्रो’ जैसी फिल्मों में यादगार गाने गाए। अनुराग बसु और प्रीतम जैसे नामचीन फिल्मकारों के साथ उनका गहरा जुड़ाव रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि हाल के महीनों में बांग्लादेश में कलाकारों और सांस्कृतिक आयोजनों पर हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं। पश्चिमी संगीत और बॉलीवुड से जुड़े कलाकारों के प्रति कुछ कट्टरपंथी समूहों का विरोध इस तरह की हिंसा की मुख्य वजह बनता जा रहा है। फरीदपुर की घटना ने एक बार फिर देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सांस्कृतिक सहिष्णुता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.