महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत छात्राओं को दिलाई गई शपथ
लखीसराय(सरफराज आलम)महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में तथा संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के सहयोग से 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत पिपरिया प्रखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, टाइप-4 वलीपुर एवं रामनगर में बुधवार को जागरूकता सह शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति जागरूक कर उन्हें सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष सह प्रमुख प्रतिनिधि रामविलास शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक अभिशाप है, जिसे समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ही समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिलने पर बिना संकोच प्रशासन को जानकारी दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन बाल विवाह रोकने के साथ-साथ संबंधित बालिकाओं की शिक्षा और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।
संकल्प हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने बताया कि कानून के अनुसार लड़कियों की न्यूनतम विवाह आयु 18 वर्ष तथा लड़कों की 21 वर्ष निर्धारित है। इससे पहले विवाह करना दंडनीय अपराध है। उन्होंने बाल विवाह को बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य के लिए घातक बताते हुए इसके विरुद्ध सजग रहने की अपील की।लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने बाल विवाह एवं घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं और बच्चों के लिए उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्डलाइन तथा आपात स्थिति में 112 पुलिस सेवा से संपर्क करने की सलाह दी।कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को बाल विवाह रोकथाम को लेकर सामूहिक शपथ दिलाई गई तथा स्वच्छता प्रबंधन किट्स का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं अनिता कुमारी, रीता कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
