ढाका। बांग्लादेश के प्रमुख छात्र नेता और युवा एक्टिविस्ट उस्मान हादी की हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस हत्याकांड को लेकर न केवल देश में राजनीतिक माहौल गर्म है, बल्कि अब अंतरिम प्रधानमंत्री मुहम्मद यूनुस की सरकार भी सीधे आरोपों के घेरे में आ गई है। बुधवार को उस्मान हादी के भाई शरीफ उमर हादी ने सरकार और प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनके भाई को न्याय नहीं मिला, तो एक दिन सरकार में बैठे लोगों को भी बांग्लादेश छोड़ना पड़ेगा।
शरीफ उमर हादी ने आरोप लगाया कि उस्मान किसी के आगे झुकने वाला नहीं था और इसी कारण सत्ता में बैठे कुछ लोगों ने साजिश के तहत उसकी हत्या करवा दी। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम का इस्तेमाल आगामी फरवरी में प्रस्तावित आम चुनाव को टालने के लिए माहौल खराब करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
हादी के भाई ने अंतरिम यूनुस सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि फरवरी में आम चुनाव होने हैं और उससे पहले जानबूझकर हालात बिगाड़े जा रहे हैं, ताकि चुनाव टालने का बहाना बनाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि उस्मान हादी स्वयं चाहता था कि बांग्लादेश में समय पर लोकतांत्रिक चुनाव हों।
अंतरिम सरकार को खुली चेतावनी
शरीफ उमर हादी ने कहा कि उनके भाई की हत्या में शामिल लोगों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि चुनावी प्रक्रिया प्रभावित न हो। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “अगर उस्मान को न्याय नहीं दिया गया, तो आपको भी एक दिन बांग्लादेश छोड़ने पर मजबूर होना पड़ेगा।”
उल्लेखनीय है कि 32 वर्षीय उस्मान हादी एक प्रमुख युवा नेता, कवि और ‘इंकलाब मंच’ आंदोलन के प्रवक्ता थे। 12 दिसंबर को ढाका में एक चुनावी अभियान कार्यक्रम के दौरान उन्हें गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल हादी को इलाज के लिए सिंगापुर ले जाया गया, जहां 18 दिसंबर को उनकी मौत हो गई।
हादी की हत्या के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक हालात और बिगड़ गए हैं। देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन, हिंसक झड़पें और तनाव की स्थिति बनी हुई है। बताया जा रहा है कि हत्या से कुछ दिन पहले उस्मान हादी ने ‘ग्रेटर बांग्लादेश’ का एक नक्शा वितरित किया था, जिसमें भारत के कुछ हिस्सों को शामिल किया गया था, जिससे विवाद और गहरा गया।
फिलहाल उस्मान हादी की हत्या ने बांग्लादेश की राजनीति को झकझोर कर रख दिया है और आने वाले दिनों में यह मामला और गंभीर रूप ले सकता है।
