लखीसराय(सरफराज आलम)बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में शनिवार को लखीसराय जिले के सभी नगर निकायों एवं बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) से संबंधित परियोजना निदेशकों और पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना तथा नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।नगर निकायों में संचालित विकास योजनाओं की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए उपमुख्यमंत्री ने योजना एवं पथ निर्माण विभाग के पदाधिकारियों को तकनीकी जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप हो और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
बैठक में शहरी क्षेत्रों में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस संबंध में अंचल अधिकारियों एवं नगर निकायों के कार्यपालक अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे नगर क्षेत्र में अतिक्रमित सरकारी भूमि की पहचान कर 10 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराएं, ताकि आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जा सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने योजना के त्वरित निष्पादन और पात्र लाभुकों को शीघ्र लाभ पहुंचाने पर बल दिया। उन्होंने योजना से संबंधित शिकायतों के समयबद्ध निवारण के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए लाभान्वित वेंडरों की सूची सार्वजनिक डोमेन में जारी करने की बात कही, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
बैठक में अपर समाहर्ता को विभिन्न योजनाओं के लाभुकों का औचक सत्यापन कराने का निर्देश दिया गया, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक एवं पात्र व्यक्तियों तक ही पहुंचे। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई और इस क्षेत्र में नवाचार तथा प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया गया।इसके अलावा बुडको द्वारा संचालित जल निकासी एवं अन्य वृहद परियोजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करना आवश्यक है, ताकि वर्षा के दौरान जलजमाव की समस्या से आम लोगों को राहत मिल सके।बैठक में डीएम मिथिलेश मिश्र,अपर समाहर्ता नीरज कुमार सहित सभी कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
