“न्याय तक पहुंच” कार्यक्रम के तहत कादरचौक में वॉलेंटियर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

बदायूँ। जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन्स एलायंस के सहयोग से संचालित “न्याय तक पहुंच” कार्यक्रम के अंतर्गत विकास खण्ड कादरचौक के सभागार कक्ष में एक दिवसीय वॉलेंटियर प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन काशी समाज शिक्षा विकास संस्थान द्वारा किया गया।

कार्यशाला का शुभारंभ सभी अतिथियों एवं वॉलेंटियरों के परिचय के साथ हुआ। मुख्य अतिथि सहायक खण्ड विकास अधिकारी द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। इसके पश्चात संस्था की सचिव मीना सिंह ने जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन एलायंस के सहयोग से चलाए जा रहे “न्याय तक पहुंच” कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था मुख्य रूप से बाल विवाह, बाल श्रम, बाल यौन शोषण एवं बाल तस्करी जैसे चार प्रमुख मुद्दों पर कार्य कर रही है, जिसके लिए समुदाय और विद्यालय स्तर पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

प्रशिक्षण सत्र में सहायक खण्ड विकास अधिकारी ने बाल विवाह, बाल श्रम और बाल शोषण के विषय में उपस्थित लोगों को जानकारी देते हुए कहा कि अपने-अपने गांवों में इन कुरीतियों को रोकना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य विभाग से चिकित्सा अधिकारी (बीपीसीएम), कादरचौक ने ब्लॉक स्तर पर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।

थाना एएचटी से उपनिरीक्षक इंद्रपाल ने बाल तस्करी एवं मानव तस्करी से संबंधित कानूनों और बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला। वहीं एएचटी से कांस्टेबल रीतू उपाध्याय ने बाल शोषण के विषय में समझाते हुए कहा कि घर और आस-पड़ोस में किसी भी बच्चे या महिला का शोषण न होने देना हम सभी का कर्तव्य है।

कार्यक्रम में प्रोग्राम मैनेजर गंगा सिंह ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रावधानों एवं बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी। संस्था समन्वयक देवेन्द्र पाल ने बाल श्रम निषेध अधिनियम एवं श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में बताया। साथ ही उन्होंने बच्चों के माध्यम से समुदाय में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने और 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान पर विस्तार से चर्चा की।

अंत में काउंसलर चेतना द्वारा उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह न करने की शपथ दिलाई गई। प्रशिक्षण कार्यशाला में संस्था का समस्त स्टाफ, वॉलेंटियर एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.