Oscar 2026: ईशान खट्टर–जाह्नवी कपूर की ‘होमबाउंड’ ऑस्कर की दौड़ में, दुनिया की 15 सर्वश्रेष्ठ फिल्मों में शामिल
मुंबई। धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी फिल्म ‘होमबाउंड’ (Homebound) को ऑस्कर अवॉर्ड 2026 के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। ईशान खट्टर, जाह्नवी कपूर और विशाल जेठवा स्टारर इस फिल्म ने दुनिया भर की 15 बेहतरीन फिल्मों में अपनी जगह बनाकर भारतीय सिनेमा को एक बड़ी उपलब्धि दिलाई है। फिल्म को कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में भी सराहना मिली है और इसकी स्क्रीनिंग हो चुकी है।
सच्ची घटना से प्रेरित कहानी
‘होमबाउंड’ की कहानी कोरोना महामारी के दौरान घटी एक सच्ची और मार्मिक घटना पर आधारित है। यह वही घटना है, जिस पर न्यूयॉर्क टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय अखबार में भी लेख प्रकाशित हुआ था। फिल्म मानवीय संवेदनाओं, दोस्ती और संघर्ष को बेहद संवेदनशील तरीके से दर्शाती है।
क्या है फिल्म की कहानी
फिल्म की कहानी लॉकडाउन के दौरान सूरत में फंसे दो युवा प्रवासी मजदूरों – अमृत और सैय्यूब की दोस्ती से प्रेरित है। कोरोना महामारी के उस कठिन दौर में, जब पूरा देश घरों में कैद था, उत्तर प्रदेश के देवरी गांव के रहने वाले सैय्यूब मोहम्मद और अमृत प्रसाद गुजरात से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में अमृत की तबीयत अचानक बिगड़ जाती है। ट्रक ड्राइवर दोनों को रास्ते में उतार देता है, लेकिन सैय्यूब अपने दोस्त को अकेला छोड़ने के बजाय बीहड़ रास्तों से होते हुए एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाता है। इलाज के दौरान अमृत की मृत्यु हो जाती है, लेकिन सैय्यूब की दोस्ती और इंसानियत की मिसाल लोगों के दिलों में बस जाती है।
कैसे वायरल हुई थी यह घटना
यह घटना एक तस्वीर के जरिए देश-विदेश में वायरल हुई थी, जिसमें सैय्यूब मोहम्मद अपने दोस्त अमृत का सिर गोद में लिए, नम आंखों के साथ बैठे दिखाई दे रहे थे। इस तस्वीर पर न्यूयॉर्क टाइम्स के भारतीय कश्मीरी पत्रकार बशारत पीर ने एक भावुक लेख लिखा, जिसका शीर्षक था – “A Friendship, a Pandemic and a Death Beside the Highway”। लेख और तस्वीर ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा और दोनों दोस्तों की कहानी संघर्ष, त्याग और अटूट मित्रता की प्रतीक बन गई।
क्यों खास है ‘होमबाउंड’
फिल्म ‘होमबाउंड’ केवल एक कहानी नहीं, बल्कि महामारी के दौर में इंसानियत, दोस्ती और मानवीय मूल्यों की जीवंत तस्वीर है। यही वजह है कि इस फिल्म को वैश्विक स्तर पर सराहा जा रहा है और ऑस्कर 2026 की शॉर्टलिस्ट में जगह मिली है। भारतीय सिनेमा के लिए यह एक गर्व का क्षण माना जा रहा है।
