SIR कार्य के दबाव में शिक्षामित्र की मौत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
बदायूं। जनपद बदायूं में एसआईआर (SIR) कार्य के दबाव में बीएलओ के रूप में तैनात शिक्षामित्र रत्नेश कुमार यादव की हार्ट अटैक से हुई मृत्यु के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मंगलवार, 16 दिसंबर 2025 को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय बिसौली विधानसभा क्षेत्र के फैजगंज बेहटा थाना अंतर्गत ग्राम मोहकमपुर स्थित पिसनहारी बूथ पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक शिक्षामित्र के आवास पर जाकर परिजनों से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) वीरेंद्र सिंह से फोन पर वार्ता कर स्व. रत्नेश कुमार यादव के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि परिजनों के अनुसार रत्नेश यादव पर एसआईआर कार्य का अत्यधिक दबाव था और अधिकारियों द्वारा रात-रात भर तहसील बुलाया जाता था। काम के इसी मानसिक दबाव के चलते उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई।
अजय राय ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि बीएलओ के रूप में कार्यरत एक शिक्षामित्र की मृत्यु की जानकारी तक अधिकारियों को न होना प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि बीएलओ पर अनावश्यक दबाव बनाने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि यह सरकार का जल्दबाजी में लिया गया फैसला है, जिसका खामियाजा जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी बीएलओ के साथ खड़ी है। उन्होंने मांग की कि जनसेवा के दौरान मृत्यु होने वाले बीएलओ के परिजनों को सरकारी नौकरी के साथ एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।
इस अवसर पर अजय राय ने पूर्व जिला अध्यक्ष ओमकार सिंह को निर्देशित किया कि जब तक प्रशासन द्वारा आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी नहीं दी जाती, तब तक स्व. रत्नेश यादव के परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहें। ओमकार सिंह ने भी भरोसा दिलाया कि न्याय मिलने तक कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करने के लिए तैयार है।
शोकसभा के उपरांत ओमकार सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को बदायूं जनपद की सीमा कछला तक छोड़ा।
इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह, प्रदेश कांग्रेस सेवादल उपाध्यक्ष शफी अहमद, पीसीसी सदस्य रजनी सिंह, जिला उपाध्यक्ष अंकित चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष संभल विजय शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सोमेंद्र यादव, सुनीता सिंह, जिला महासचिव इखलास हुसैन, किशनवीर मौर्य, उपासना चौहान, एसआईआर कोऑर्डिनेटर, नगर अध्यक्ष रियासत खान, मीडिया प्रदेश महासचिव शशांक राठौर, किसान कांग्रेस अध्यक्ष सद्दाम सेफी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
