गाजियाबाद। थाना निवाड़ी, कमिश्नरेट गाजियाबाद के अंतर्गत ग्राम डबाना एवं ग्राम सौनदा में पुलिस द्वारा जनता के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में साइबर प्रभारी एवं मिशन शक्ति प्रभारी की उपस्थिति में ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया गया।
संवाद के माध्यम से ग्रामीणों को बीट प्रणाली की जानकारी दी गई तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली, महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं एवं सुविधाओं से भी लोगों को अवगत कराया गया। अधिकारियों ने वादी संवाद दिवस, थाना दिवस एवं तहसील दिवस के महत्व और उद्देश्य की जानकारी देते हुए लोगों से इन मंचों का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम सुरक्षा समिति का पुनर्गठन किया गया तथा गांव के संभ्रांत व्यक्तियों की सूची को अपडेट किया गया। साथ ही ग्रामीणों को आपसी समन्वय एवं त्वरित सूचना आदान-प्रदान के उद्देश्य से व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया। पुलिस द्वारा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों से भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं साझा कीं, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
