“ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन” में बड़ी कार्रवाई, 63 स्थानों पर सर्च ऑपरेशन, 12 अपराधी गिरफ्तार

5 मामले दर्ज, एक अवैध पिस्तौल व 9.38 ग्राम हेरोइन बरामद

ऐलनाबाद/सिरसा, 13 दिसंबर (एम पी भार्गव)।जिला पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि जिले को अपराध एवं भयमुक्त वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से सिरसा पुलिस द्वारा “ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन” अभियान लगातार प्रभावी ढंग से चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है।

एसपी दीपक सहारन ने बताया कि पुलिस महानिदेशक हरियाणा के निर्देशानुसार 1 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक जिलेभर में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत सिरसा जिले के सभी थाना प्रभारियों व पुलिस चौकी इंचार्जों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए शहर व गांवों के करीब 63 स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान 5 मामले दर्ज कर 12 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अवैध पिस्तौल व 9.38 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि जिला सीआईए सिरसा की टीम ने थैहड़ मोहल्ला सिरसा क्षेत्र से बुलेट मोटरसाइकिल सवार एक युवक को 9.38 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सोनू उर्फ सोनू बाबा पुत्र राजकुमार निवासी वार्ड नंबर 21 थैहड़ मोहल्ला सिरसा के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ थाना शहर सिरसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

इसके अलावा जिला एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा ने 6 दिसंबर 2025 को रानियां चुंगी क्षेत्र से दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 ग्राम 68 मिलीग्राम हेरोइन व 31,200 रुपये की ड्रग्स राशि बरामद की थी। जांच के दौरान जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम ने इस मामले में संलिप्त सप्लायर आरोपी मनदीप सिंह पुत्र रणजीत सिंह निवासी भंबूर जिला सिरसा को गिरफ्तार किया।

वहीं, डिंग थाना पुलिस ने 7.35 ग्राम हेरोइन बरामदी मामले में संलिप्त सप्लायर आरोपी गुरविंद्र सिंह पुत्र बलकारा सिंह निवासी गुरु हर साहिब जिला फिरोजपुर (पंजाब) को गांव झंड़ा कलां से काबू किया। इसके अतिरिक्त एबीवीटी स्टाफ सिरसा ने गोबिंदपुरा मोहल्ला सिरसा क्षेत्र से एक महिला के कब्जे से 6.52 ग्राम हेरोइन बरामद की थी, जिसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने सप्लायर आरोपी पंकज पुत्र मदन लाल निवासी वार्ड नंबर 2 एमसी कॉलोनी सिरसा को महाराणा प्रताप चौक क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

एसपी दीपक सहारन ने कहा कि ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में काफी कारगर साबित हो रहा है। अभियान के तहत नशा तस्करों, जुआरियों, सटोरियों, आवारागर्द तत्वों और अवैध रूप से चल रहे खुर्दा संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान 4 व्यक्तियों को 172 बीएनएसएस के तहत पाबंद भी किया गया है।

उन्होंने बताया कि सिरसा पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए सर्दी के मौसम में बेसहारा घूम रहे 79 लोगों को स्थानीय प्रशासन के सहयोग से कंबल, भोजन, कपड़े और रात में रहने की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई है।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों व अपराधियों का सिरसा से समूल सफाया करना और आमजन को सुरक्षित वातावरण देना सिरसा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.