बदायूँ।प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में जिले के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापरक और समयबद्ध निस्तारण उनकी प्राथमिकता है। उप मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनेगा और उत्तर प्रदेश भी विकसित प्रदेश के रूप में अग्रसर होगा।
शिकायतों के समाधान में न हो ढिलाई
उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिस विभाग से शिकायत जुड़ी है, उसकी जांच उसी विभाग को न सौंपी जाए।
उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस, थाना समाधान दिवस और अन्य माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों का गंभीरता और पारदर्शिता से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
चकमार्ग और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायतों पर विशेष चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे मामलों का विशेष अभियान चलाकर समाधान कराया जाए।
अमृत सरोवरों को किया जाए जगमग
उन्हाेंने अमृत सरोवरों को रोशन करने और उनकी उचित देखरेख पर जोर दिया।
सीमांकन के मामलों में जिले के बेहतर प्रदर्शन पर संतोष जताया। डीएम ने बताया कि 90 दिन से पुराने कोई मामले लंबित नहीं हैं।
धान खरीद, खाद वितरण और बिजली व्यवस्था पर विशेष निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि खाद की प्रदेश में कोई कमी नहीं है। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने धान खरीद की समीक्षा की और क्रय केंद्रों के औचक निरीक्षण के निर्देश दिए।
बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए जिलाधिकारी को अलग से समीक्षा बैठक करने को कहा।
गौशालाओं में CCTV अनिवार्य, सड़कों पर न दिखें निराश्रित गौवंश
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से गो-आश्रय स्थलों की जानकारी लेते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि
सड़क पर निराश्रित गौवंश कतई नहीं दिखना चाहिए।
साथ ही निर्माणाधीन गौशालाओं को जल्द पूरा करने और सभी आश्रयों में CCTV लगाने के निर्देश दिए।
हर घर नल से जल योजना: हर ब्लॉक की 10 ग्राम सभाओं का निरीक्षण
उन्होंने ‘हर घर नल से जल’ योजना के तहत वास्तविक कार्यप्रगति जानने के लिए प्रत्येक ब्लॉक की 10 ग्राम सभाओं का निरीक्षण कराने का निर्देश दिया।
स्वयं सहायता समूह: 3 करोड़ दीदियों को जोड़ने और 1 करोड़ को लखपति बनाने का लक्ष्य
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि
3 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ें और 1 करोड़ महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनें।
उन्होंने विद्यालयों में यूनिफॉर्म सिलाई का काम भी इन्हीं समूहों को देने पर जोर दिया।
पीएम/सीएम आवास योजनाओं में पात्रता का कड़ाई से पालन
उन्होंने कहा कि पात्र लोगों—विशेषकर विधवा तथा दिव्यांग—को आवास योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। चिन्हांकन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बदायूँ को विकास में नंबर वन बनाने पर जोर
सीडीओ ने बताया कि देशभर के आकांक्षात्मक ब्लॉकों में
जनपद बदायूँ के अम्बियापुर ब्लॉक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर द्वितीय स्थान हासिल किया है और इसके लिए एक करोड़ रुपये की विशेष धनराशि मिली है।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बधाई देते हुए सम्मानित भी किया।
कानून व्यवस्था: SSP को सख्त निर्देश
उन्होंने पुलिस व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि अगर कोई फरियादी न्याय के लिए लखनऊ तक जाता है तो यह गंभीर लापरवाही मानी जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि एक महीने बाद वह दोबारा जिले का दौरा करेंगे, ग्राम चौपाल में भाग लेंगे और निरीक्षण भी करेंगे।
डबल इंजन सरकार विकास को प्रतिबद्ध
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है–
महिलाओं का सशक्तिकरण
युवाओं को रोजगार
किसानों को लाभ
व्यापारियों को सुविधा
और बेहतर कानून व्यवस्था
बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश सिंह गुप्ता, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, डीएम अवनीश राय, एसएसपी बृजेश कुमार सिंह, सीडीओ केशव कुमार सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि।
