- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। जिले में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान तेजी से प्रगति कर रहा है। जिलाधिकारी के दिशा-निर्देशों पर अधिकारी लगातार कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं और बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जा रहा है।
इसी क्रम में घोरावल विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थल संख्या 400 पर तैनात बीएलओ रोशनावती ने सबसे पहले शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर मिसाल पेश की है। उनके इस उत्कृष्ट कार्य के लिए घोरावल के उपजिलाधिकारी आशीष कुमार त्रिपाठी ने उन्हें सम्मानित किया।
सम्मान समारोह में एसडीएम ने बीएलओ रोशनावती को शिवदार मंदिर की फोटो फ्रेम, प्रशस्ति पत्र, शॉल और ₹500 की पारितोषिक राशि भेंट कर सम्मानित किया।
इस दौरान उपजिलाधिकारी ने कहा कि अभियान में तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही ऐसी बीएलओ जिले में एसआईआर के कार्यों को नई गति और मजबूती प्रदान कर रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य कर्मचारी भी प्रेरणा लेते हुए समय पर कार्य पूर्ण कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने में योगदान देंगे।
