देश के 50 से अधिक दलों ने बनाया चौथा महामोर्चा, नाम दिया गया— विकासवादी इंडियन पार्टी महामोर्चा (V.I.P महामोर्चा)

  • रिपोर्ट: जितेंद्र कुमार

देश की राजनीति में एक नया समीकरण सामने आया है। 50 से अधिक राजनीतिक दलों ने मिलकर चौथा महामोर्चा गठित किया है, जिसका नाम विकासवादी इंडियन पार्टी महामोर्चा (V.I.P महामोर्चा) रखा गया है। यह गठबंधन आगामी चुनावों में देश और प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने के लिए लगातार सक्रिय है।
महामोर्चा की ओर से बताया गया कि वे नियमित रूप से बैठकें, प्रेसवार्ताएं और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं, ताकि जनता को स्पष्ट, उत्साहवर्धक और उद्देश्यपूर्ण राजनीति का विकल्प दिया जा सके।
महामोर्चा ने सर्वसम्मति से अनिल कुमार त्रिपाठी को महामोर्चा का संयोजक नियुक्त किया है। त्रिपाठी अखिल भारतीय जनता सहारा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ कई सामाजिक संगठनों में भी अहम पदों पर सक्रिय भूमिका निभाते हैं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आयोग और अदालत में चल रही लड़ाई का परिणाम चाहे जो हो, लेकिन V.I.P महामोर्चा के बैनर तले ही सभी घटक दल आगामी 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन ने दावा किया कि वे 403 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े करेंगे।
साथ ही यह भी तय हुआ कि महामोर्चा जल्द ही एक “मंत्रणा कमेटी” गठित करेगा, जिसमें सक्रिय दलों के प्रमुख नेता शामिल होंगे। यह कमेटी प्रत्याशी चयन सहित अन्य महत्वपूर्ण रणनीतियों को अंतिम रूप देगी।
V.I.P महामोर्चा का दावा है कि यह गठबंधन उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बड़ी और निर्णायक भूमिका निभाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.