थाना गंज पुलिस की बड़ी सफलता: 8 लाख रुपये की नौकरी ठगी मामले में 25,000 रुपये का इनामिया अभियुक्त गिरफ्तार

रामपुर। थाना गंज पुलिस ने बहुचर्चित नौकरी ठगी प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए 25,000 रुपये के इनामिया वांछित अभियुक्त अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त पर वादी के पुत्र की इनकम टैक्स ऑफिस, दिल्ली में इंस्पेक्टर पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर 8 लाख रुपये और शैक्षिक प्रमाण पत्र ठगने का गंभीर आरोप है।

मामला क्या था

वादी ने 28 अप्रैल 2025 को थाना गंज में तहरीर देकर बताया था कि अभियुक्तगण ने उसके पुत्र की नौकरी लगवाने के नाम पर भारी भरकम धनराशि ऐंठ ली। वादी से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी करवाया गया। लेकिन दिल्ली इनकम टैक्स ऑफिस से जानकारी करने पर पता चला कि सभी दस्तावेज फर्जी थे।

इस आधार पर थाना गंज में मु.अ.सं.- 83/2025, धारा 323/506/406/420/467/468/471 भादवि में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में चार अभियुक्त नामजद थे—

मुंशीलाल

उपेंद्र

अमित कुमार

अशोक कुमार

विवेचना में साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त मुंशीलाल और उपेंद्र के नाम पृथक किए गए, जबकि अशोक कुमार ने न्यायालय से गिरफ्तारी स्थगन (स्टे) प्राप्त कर लिया।

इनामी घोषित था अभियुक्त

मुख्य आरोपी अमित कुमार पुत्र राधेश्याम उर्फ रामवीर निवासी कासगंज, पुलिस की पकड़ से लगातार बचता रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक, रामपुर द्वारा 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर चढ़ा पुलिस के हत्थे

अपर पुलिस अधीक्षक, रामपुर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देशन में थाना गंज पुलिस ने 16 नवंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर कार्यवाही करते हुए अभियुक्त अमित कुमार को ग्राम गडिया (सुनौथ), पोस्ट कर्मपुर, थाना गंज डुंडवारा, जनपद कासगंज से गिरफ्तार कर लिया।

अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

उ0नि0 अय्यूब खाँ

हे0का0 जाकिर अली (514)

थाना गंज पुलिस की इस कार्रवाई की जिले में व्यापक सराहना हो रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.