- रिपोर्ट: एमपी भार्गव
ऐलनाबाद ;इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हर साल उसके संरक्षण में धान का हजारों करोड़ रुपये का घोटाला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी और नेता मिलकर किसानों की मेहनत की कमाई को लूट रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
चौटाला ने कहा कि “यह बड़ी विडंबना है कि धान उगाने वाला अन्नदाता अपनी ही फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बेचने के लिए तरस रहा है, जबकि बीजेपी सरकार कालाबाजारी करने वालों को संरक्षण दे रही है।”
उन्होंने आगे कहा कि डीएपी खाद किसानों के लिए उपलब्ध नहीं है, लेकिन ब्लैक मार्केट में इसकी बिक्री खुलेआम हो रही है। किसान जलभराव, फसल क्षति, मुआवजा न मिलने और एमएसपी न मिलने के कारण आर्थिक रूप से टूट चुके हैं, जबकि सरकार के संरक्षण में ऊपर से नीचे तक हर कोई किसानों को लूटने में लगा है।
चौटाला ने कहा कि धान घोटाले को छुपाने के लिए बीजेपी नेता उल्टे-सीधे बयान दे रहे हैं। यूपी और बिहार से सस्ता धान मंगवाकर हरियाणा की मंडियों में बेचा गया, जिसके लिए फर्जी पंजीकरण तक किए गए। उन्होंने कहा, “सरकार दावा कर रही है कि बाहरी राज्यों से धान नहीं खरीदा गया, जबकि सच्चाई यह है कि हरियाणा में जलभराव और बीमारी से धान की पैदावार करीब 40 प्रतिशत कम हुई है, फिर भी रिकॉर्ड से अधिक धान मंडियों में पहुंचा।”
इनेलो नेता ने मांग की कि सरकार को खराब फसलों, धान की खरीद और जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों के असली आंकड़े सार्वजनिक करने चाहिए, ताकि जनता के सामने सच्चाई आ सके। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार किसानों की दुर्दशा और धान घोटाले की सच्चाई को छिपाने में लगी है, लेकिन इनेलो इस मुद्दे को सदन से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाएगी।
