रामपुर में मुख्तार अब्बास नकवी का विपक्ष पर हमला — कहा, “सत्ता लोलुप सामंती सुल्तानों का टशन होगा टाय-टाय फिश”
रामपुर, 10 नवम्बर 2025:पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने रविवार को रामपुर के शंकरपुर स्थित अपने आवास पर प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक मुद्दों, SIR रिपोर्ट और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान नकवी ने बिहार चुनाव को लेकर विपक्षी दलों द्वारा लगाए गए मतदान में गड़बड़ी के आरोपों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि “कुछ पार्टियों का वोट का ठिकाना नहीं है, वे विक्ट्री की ठिठोली में लगी हैं और बिना जनादेश के जागीरदारी की जंग लड़ रही हैं।”
उन्होंने विपक्षी नेताओं को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि “घमंडियां घरानों के घोंचू घनचक्करों की धूर्तता उन्हें धूल धूसरित कर रही है। सत्ता लोलुप सामंती सुल्तानों का सुरूर और गुरूर अब चकनाचूर होने वाला है।”
नकवी ने तंज कसते हुए कहा कि “वोट चोरी की पिटी पटकथा पर सत्ता के भूखे सामंती सुल्तानों का टशन ‘टाय टाय फिश’ होगा। शानदार जनतंत्र को परिवार तंत्र के बंधन में जकड़ने की साजिश अब नाकाम होगी।”
उन्होंने आगे कहा, “डायनेस्टी के डिफॉल्टर डापोरशंखों की बकवास बहादुरी उनकी लुटिया डुबो रही है। सामंती सूरमाओं का सुल्तानी सिंडिकेट अब वेंटिलेटर पर है, जबकि उनका अहंकार एक्सिलरेटर पर।”
नकवी ने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि “बिहार चुनाव परिणाम के बाद विपक्ष की वोट चोरी की कहानी ‘वोट डाके का फ़साना’ बन जाएगी। विपक्ष को जीत के ग्लैमर और हार के ग्रेस दोनों को स्वीकार करना चाहिए।”
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, जागेश्वर दयाल दीक्षित, कपिल आर्य, मोहन लोधी, संजय चौधरी, मुन्नी देवी गंगवार, टेकचंद गंगवार, खलील अहमद, रिजवान अहमद, सोनू लोधी, ओम प्रकाश सैनी, वसीम खान, राजू खान, शांति स्वरूप, चमन मौर्य और बशीर अहमद सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
