मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत मिर्जापुर पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

अधिकारों, नए आपराधिक कानूनों और साइबर सुरक्षा के प्रति दी जानकारी

रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मिर्जापुर, 09 नवम्बर 2025।महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति” अभियान फेज-5.0 के तहत मीरजापुर पुलिस द्वारा जनपद भर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन में महिला बीट आरक्षी, एंटी रोमियो टीम और पुलिस अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण कर महिलाओं एवं छात्राओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा संबंधी जानकारियां दे रहे हैं।
पुलिस टीमों ने प्रमुख चौराहों, बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों, मंदिरों, मॉल, रेलवे स्टेशन, रोडवेज व ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं — जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, महिला ई-हाट योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, प्रधानमंत्री फ्री सिलाई योजना आदि — की जानकारी दी।
साथ ही, बाल विवाह, पाक्सो एक्ट, महिला उत्पीड़न और बालश्रम की रोकथाम से संबंधित कानूनों और पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाई के बारे में भी विस्तार से बताया गया। बच्चों को गुड टच और बैड टच की समझ दी गई और उन्हें किसी भी समस्या की सूचना अपने अभिभावकों या पुलिस को देने की सलाह दी गई।
इसके अतिरिक्त पुलिस कर्मियों ने साइबर अपराध और डिजिटल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए — जैसे पासवर्ड सुरक्षा, अनजान वीडियो कॉल न रिसीव करना, बैंकिंग डिटेल साझा न करना और सार्वजनिक वाई-फाई पर वित्तीय लेन-देन से बचना। साथ ही बताया गया कि साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
महिला सुरक्षा के लिए उपयोगी अन्य हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई —
1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड लाइन), 102 (स्वास्थ्य सेवा) आदि।
अभियान के दौरान जनपद मीरजापुर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत विभिन्न थानों की एंटी रोमियो टीमों ने कार्रवाई करते हुए 01 अभियोग पंजीकृत कर 01 शोहदे के विरुद्ध कार्यवाही की। साथ ही जनपद के 35 स्थानों पर जन चौपाल लगाकर लोगों को महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.