वोट चोरी लोकतंत्र का हनन, राहुल गांधी का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है: कुमारी सैलजा

कांग्रेस की बैठक में हरियाणा में वोट चोरी के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन का निर्णय

  • रिपोर्ट: एमपी भार्गव

नई दिल्ली, 10 नवंबर: कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन, नई दिल्ली में हरियाणा प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों, जिलाध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राहुल गांधी द्वारा उजागर किए गए हरियाणा में वोट चोरी के साक्ष्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि यह निर्णय लोकतंत्र की रक्षा के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर जनता को यह बताएंगे कि हरियाणा में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगे हैकुमारी सैलजा ने कहा —

“यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा की रक्षा के लिए है। वोट चोरी लोकतंत्र का सबसे बड़ा अपराध है, और कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ अंतिम दम तक लड़ेगी।”

उन्होंने बताया कि आंदोलन की शुरुआत करनाल से की जाएगी, जिसके बाद यह क्रमवार रूप से सभी जिलों में जन-जागरूकता कार्यक्रमों और विरोध प्रदर्शनों के रूप में जारी रहेगा।
सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा प्रस्तुत सबूतों से यह स्पष्ट है कि हरियाणा में योजनाबद्ध तरीके से वोट चोरी और फर्जीवाड़ा किया गया। एक पते पर सैकड़ों वोटर बनाए गए, जिससे मतगणना की प्रक्रिया संदिग्ध हो गई। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता ने कांग्रेस को बहुमत दिया था, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों ने जनादेश का अपहरण कर लोकतंत्र को शर्मसार किया है।
उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि वह एक स्वतंत्र और निष्पक्ष संस्था के रूप में कार्य करे और किसी राजनीतिक दबाव में न आए।

“हरियाणा की जनता ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया था, लेकिन मतगणना के दौरान योजनाबद्ध तरीके से वोटों में हेराफेरी की गई,” — सैलजा ने कहा।

सांसद ने यह भी कहा कि कांग्रेस इस लड़ाई को जनता के सहयोग से अंतिम मुकाम तक पहुंचाएगी और राहुल गांधी का संदेश—“वोट चोरी लोकतंत्र का हनन है”—हर घर तक पहुंचाया जाएगा।

सांसद कुमारी सैलजा कल जींद में करेंगी दिशा बैठक की अध्यक्षता
सांसद कुमारी सैलजा 11 नवंबर को सुबह 09:00 बजे जम्मू-कश्मीर के पूंछ में शहीद हुए भारतीय सेना के जवान अमरजीत नैन के गांव जाजनवाला (जिला जींद) पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। इसके बाद 09:30 से 10:30 बजे तक वह नरवाना के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आम जनता से मुलाकात करेंगी और सुबह 11:00 बजे जींद में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करेंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.