रामपुर जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल, डॉक्टरों की लापरवाही से मरीज तड़पते रहे — सीएमओ और सीएमएस पर उठे सवाल
रामपुर। जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, रामपुर जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। अस्पताल से एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें मरीज इलाज के अभाव में तड़पता नजर आ रहा है जबकि डॉक्टर अस्पताल से नदारद बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक के सख्त निर्देशों के बावजूद अस्पताल प्रशासन की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कई बार डॉक्टरों को बुलाया लेकिन कोई भी मरीज को देखने नहीं आया।
अस्पताल की अव्यवस्था पर अब लोगों में जिला सीएमओ डॉ. दीपा सिंह और सीएमएस डॉ. सक्सेना के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिला अस्पताल “रामभरोसे” चल रहा है और स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमराई हुई हैं।
मरीजों के परिजनों ने बताया कि डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण उन्हें मजबूरन निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। वहीं, वायरल वीडियो में एक मरीज को गंभीर हालत में स्ट्रेचर पर तड़पते देखा जा सकता है, जबकि स्टाफ के सदस्य असहाय खड़े हैं।
स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से तुरंत जांच कर लापरवाह अधिकारियों और डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग की है।
रामपुर के लोगों का कहना है कि अगर सरकार के आदेशों के बाद भी स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं हुआ, तो वे सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे।
