वंदे मातरम् विवाद पर सपा नेता डॉ. एस.टी. हसन का बड़ा बयान — “हम मातृभूमि के लिए जान दे सकते हैं, लेकिन पूजा नहीं कर सकते”
मुरादाबाद।:वंदे मातरम् को लेकर देशभर में छिड़े विवाद के बीच समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद डॉ. एस.टी. हसन का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि मुसलमान अपनी मातृभूमि और जन्मभूमि के लिए जान और खून देने को तैयार हैं, लेकिन उसकी पूजा नहीं कर सकते।
डॉ. हसन ने कहा —
“हम अपनी मातृभूमि, अपनी जन्मभूमि के लिए अपनी जान, अपना खून दे सकते हैं, लेकिन पूजा नहीं कर सकते। यह विवाद सौ साल से चलता आ रहा है, लेकिन सवाल यह है कि इसे इस वक्त क्यों उठाया गया, जब बिहार में चुनाव हो रहे हैं। आप समझ सकते हैं कि हिंदू-मुस्लिम की यह सियासत कौन कर रहा है। अब तो इन सब चीज़ों से बाज आ जाना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि मुसलमान सिवाय अल्लाह के किसी की इबादत नहीं कर सकता।
“मैं अल्लाह कहता हूं, कोई ‘ॐ’ कहता है, कोई ‘ईश्वर’, कोई ‘गॉड’ या कोई ‘वाहेगुरु’। हम सब उसी एक की इबादत करते हैं जिसने हमें पैदा किया है। बाकी किसी चीज़ की पूजा नहीं कर सकते। इसलिए हम वंदे मातरम् नहीं गा सकते क्योंकि वह ज़मीन की पूजा है।”
पूर्व सांसद ने कहा कि इस्लाम के मुताबिक इंसान को ‘अशरफुल मशाल्लुकात’ यानी सबसे श्रेष्ठ प्राणी बनाया गया है।
“हवा, पानी, पेड़, पौधे, जानवर, नदियाँ — ये सब इंसान की ज़िंदगी को बेहतर बनाने के लिए बनाए गए हैं, न कि इंसान इनके लिए। इसलिए हम किसी भी भौतिक चीज़ की पूजा नहीं कर सकते, सिर्फ उसी की इबादत कर सकते हैं जिसने इंसान को पैदा किया।”
डॉ. हसन ने दोहराया कि मुसलमान देशभक्त हैं और मातृभूमि के लिए किसी भी बलिदान से पीछे नहीं हटेंगे,
“हम तन-मन-धन से देश के लिए सब कुछ कुर्बान कर सकते हैं, लेकिन पूजा हम सिर्फ अपने ख़ालिक और पालनहार की कर सकते हैं।”
