त्योहारों में भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली के चार बड़े रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री अस्थायी रूप से बंद
दिल्ली। त्योहारों के सीजन में बढ़ती भीड़ और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने राजधानी दिल्ली के चार प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री अस्थायी रूप से रोक दी है। रेलवे के अनुसार, यह कदम स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रण और व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
रेलवे मंत्रालय की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, दिल्ली जंक्शन, आनंद विहार टर्मिनल और आनंद विहार हॉल्ट पर फिलहाल प्लेटफॉर्म टिकट जारी नहीं किए जाएंगे।
रेलवे ने कहा है कि यह व्यवस्था अस्थायी है और हालात सामान्य होने पर टिकट बिक्री फिर से शुरू की जाएगी।
किन्हें मिलेगी छूट
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि कुछ विशेष परिस्थितियों में लोगों को प्लेटफॉर्म पर जाने की अनुमति दी जाएगी। इनमें वरिष्ठ नागरिकों, बीमार यात्रियों, बच्चों और महिलाओं की सहायता के लिए आने वाले लोगों को छूट दी जाएगी। इसके अलावा विकलांग, अनपढ़ या अकेले यात्रा कर रहे यात्रियों की मदद के लिए आने वाले सहयोगियों को भी बिना प्लेटफॉर्म टिकट के प्रवेश की अनुमति होगी।
रेलवे की अपील
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस निर्णय को सहयोगपूर्वक लें और अनावश्यक रूप से स्टेशन पर भीड़ न लगाएं। अधिकारियों के अनुसार, यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के दृष्टिकोण से जरूरी है।
रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह पाबंदी केवल प्लेटफॉर्म टिकट पर लागू होगी, ट्रेन टिकट पर नहीं। यात्री सामान्य रूप से ट्रेन टिकट लेकर यात्रा कर सकते हैं।
त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या में कई गुना बढ़ोतरी के कारण रेलवे यह कदम उठा रहा है ताकि भीड़भाड़ से होने वाली असुविधा और सुरक्षा जोखिमों को रोका जा सके।
