सिरसा पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने ऐलनाबाद थाना क्षेत्र के गांव पोहड़का में पहुंचकर, ग्रामीणों को नशे से दुर रहने का संदेश दिया ।

नशा एक जहर है, और इस जहर से अपने बच्चों को बचाना हमारा परम कर्तव्य है : एसपी दीपक सहारन नशामुक्त समाज निर्माण में ग्राम पंचायतों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी जरूरी — एसपी नशा पीड़ित व्यक्तियों का उपचार करवाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाएं : एसपी

  • रिपोर्ट एम पी भार्गव ऐलनाबाद

ऐलनाबाद, सिरसा । पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने कहा कि नशा एक जहर है और इस जहर से अपने बच्चों को बचाना हर अभिभावक, हर नागरिक का परम कर्तव्य है। नशामुक्त समाज बनाने में ग्राम पंचायतों, युवाओं और सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है, ताकि इस अभियान को पूरी तरह सफल बनाया जा सके।
एसपी दीपक सहारन गांव पोहड़का के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यदि कोई युवा नशे की लत में पड़ गया है, तो उसके परिवार को चाहिए कि वह उसे नशा मुक्ति केंद्र या डी-एडिक्शन सेंटर ले जाकर इलाज करवाए और उसे समाज की मुख्यधारा में वापस लाए।
उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए अभिशाप और एक गंभीर चुनौती है। इसे जड़ से समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा और खेलों में लगाएं, ताकि वे उज्जवल भारत के भविष्य निर्माता बन सकें।
एसपी सहारन ने बताया कि सिरसा पुलिस लगातार नशे के खिलाफ जोरदार अभियान चला रही है। नशा तस्करों पर कड़ा शिकंजा कसा जा रहा है और उनकी काली कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस की टीमें लगातार गांव-गांव जाकर युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलकूद में भाग लेने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि जब समाज का हर व्यक्ति इस अभियान में आगे आएगा, तभी नशे के खिलाफ यह लड़ाई पूरी तरह सफल होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा बेचने वालों की मदद कभी न करें, उनसे डरें नहीं बल्कि समाज से उनका खुला बहिष्कार करें।
एसपी दीपक सहारन ने कहा कि यदि किसी को अपने गांव या आसपास नशा बेचने वालों की जानकारी हो, तो वह बिना झिझक उनके व्यक्तिगत मोबाइल नंबर 88140-11600 पर कॉल या व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से सूचना दे सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले का नाम पूर्ण रूप से गोपनीय रखा जाएगा।
कार्यक्रम में बच्चों ने नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित गीतों और प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। एसपी ने ग्रामीणों से अपील की कि अपने गांव में रात्रिकालीन पहरा व्यवस्था सुनिश्चित करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के प्रवेश की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश कुमार, महिला सरपंच सुमन देवी, और आसपास के कई सरपंच व पंचायत प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.