डीएम मिथिलेश मिश्र एवं एसपी अजय कुमार द्वारा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार विधान सभा निर्वाचन 2025 की तैयारियों की समीक्षात्मक बैठक में लिया भाग

  • रिपोर्ट: सरफराज आलम 

लखीसराय। समाहरणालय लखीसराय स्थित एन.आई.सी. सभाकक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक अजय कुमार द्वारा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी,पटना के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार विधान सभा निर्वाचन 2025 की तैयारियों की समीक्षात्मक बैठक में भाग लिया गया।

बैठक में प्रथम चरण में होने वाले निर्वाचन के अंतर्गत 167–सूर्यगढ़ा एवं 168–लखीसराय विधानसभा क्षेत्रों में की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

इस दौरान ई.वी.एम. कमीशनिंग की प्रगति, मतदान दलों के प्रशिक्षण की स्थिति, मतदान केन्द्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, मतदाता जागरूकता अभियान, चेक पोस्टों की निगरानी व्यवस्था, उम्मीदवारों की गतिविधियों की ट्रैकिंग, सुरक्षा बलों की तैनाती, फ्लैग मार्च के आयोजन, वाहनों की उपलब्धता, सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग, डिस्पैच एवं कलेक्शन सेंटर पर की गई व्यवस्थाओं, ई.सी.आई. नेट एवं वेबकास्टिंग की तैयारियों जैसे बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा निर्वाचन कार्यों को पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि सभी मतदान केन्द्रों पर आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि मतदाता बिना किसी भय या असुविधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विधि-व्यवस्था की स्थिति पूर्ण नियंत्रण में रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या अनुचित गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जाए।

पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु निरंतर फ्लैग मार्च एवं छापेमारी अभियान चलाए जा रहे हैं। सीमा क्षेत्रों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि मतदाताओं में विश्वास और सुरक्षा की भावना पैदा करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में समन्वय एवं तत्परता के साथ कार्य करें, ताकि लखीसराय जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित चुनाव संपन्न हो सके।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.