उन्नाव। भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पूरे देश की तरह जनपद उन्नाव में भी राष्ट्रीय एकता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया।
मुख्य कार्यक्रम उन्नाव पुलिस लाइन में आयोजित किया गया, जिसमें सांसद साक्षी महाराज, पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह सहित अनेक अधिकारी, स्कूली बच्चे और एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे “Run For Unity” से हुई, जिसमें पुलिसकर्मियों, स्कूली बच्चों और एनसीसी कैडेट्स ने भाग लेकर “एक भारत श्रेष्ठ भारत” का संदेश दिया। इसके बाद 10 बजे परेड एवं शपथ ग्रहण समारोह हुआ, जिसमें सभी ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद साक्षी महाराज ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और इसके बाद पुलिस लाइन परिसर से स्कूटी एवं बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः पुलिस लाइन पहुंची।
रैली में महिला पुलिसकर्मियों की शक्तिवाहिनी टीम ने अपनी प्रभावशाली भागीदारी से शक्ति और एकता का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने बताया कि –
“देशभर में सरदार पटेल जी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उसी क्रम में उन्नाव में भी सुबह Run For Unity, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली में शक्तिवाहिनी का प्रदर्शन महिलाओं की शक्ति का प्रतीक है। साथ ही साइबर क्राइम रोकथाम, नए लागू हुए तीन कानूनों की जानकारी और जनजागरूकता अभियान भी इस कार्यक्रम से जोड़े गए हैं।”
इस अवसर पर परेड में शामिल जवानों ने सरदार पटेल की एकता की भावना को जीवंत किया, वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति गीतों ने पूरे वातावरण को भावनात्मक और ऊर्जावान बना दिया।
