हरदोई। रविवार को वैभव लान, हरदोई में आगामी “हरदोई युवा खादी महोत्सव” की तैयारियों को लेकर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह महोत्सव हर वर्ष की तरह इस बार भी एक नए और भव्य अंदाज़ में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन भूरज सेवा संस्थान के तत्वावधान में 28 अक्टूबर से 20 नवंबर तक किया जाएगा। इस अवधि में पूरे भारत से आने वाली विभिन्न प्रदर्शनी, सेल्फी पॉइंट्स, फर्नीचर, क्रॉकरी, मिट्टी के बर्तन, मैटी, कंबल, गरम कपड़ों की दुकानें और देशी-विदेशी व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहेंगे। बच्चों के लिए झूले और गेम जोन की भी विशेष व्यवस्था की जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव का मुख्य आकर्षण खादी, हथकरघा और स्वदेशी वस्तुएँ रहेंगी। प्रतिदिन के कार्यक्रमों में विभिन्न शहरों से आने वाले प्रसिद्ध कलाकार, निर्णायक और विशिष्ट अतिथि हिस्सा लेंगे।
1 नवंबर से 15 नवंबर तक महोत्सव में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी, जिनमें शामिल होंगे —
राष्ट्रीय कवि सम्मेलन, मुशायरा, गायन प्रतियोगिता, नाट्य प्रस्तुति, मिशन शक्ति कार्यक्रम, भजनोत्सव, बैंड शो, रंगोली, कलश सज्जा, मेहंदी, क्राफ्ट, फेस पेंटिंग, ड्राइंग, फ़ैन्सी ड्रेस, किड्स रैंप शो, नृत्य प्रतियोगिताएं (सोलो, डुएट और ग्रुप), कुकिंग, मॉडलिंग (मिस्टर एंड मिस हरदोई 2025), आर्म रेसलिंग, टाइक्वांडो, राइटिंग, हरदोई टैलेंट शो और सेलिब्रिटी नाइट जैसे विशेष आयोजन।
संस्था ने बताया कि इस बार विशेष प्रयास रहेगा कि विजेता प्रतिभागियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर के मंचों पर भी प्रदर्शन का अवसर मिले। गरीब और प्रतिभाशाली बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं निःशुल्क होंगी तथा विजेताओं को ट्रॉफी, सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजन समिति से संस्था मंत्री अशोक उपाध्याय, राम अवस्थी, अंशू गुप्ता, सुनील त्रिवेदी, सुमित श्रीवास्तव (भानु), स्मृति मिश्र, मनीष कुमार, प्रिया सिंह, ज्योति अवस्थी, शैलेन्द्र शुक्ला, विवेक मिश्रा, जुगल किशोर शर्मा, निपुण सोमवंशी तथा संयोजन मंडल से पवन कश्यप, राखी श्रीवास्तव, प्रियांशु भारती, आकाश सोमवंशी, विशाल सिंह, ऋषभ, जतिन अवस्थी, निर्भय कृष्ण नंदवंशी, ऋषभ राजवंशी, बलतेज बराड़, कुणाल रजत, प्रिया कश्यप, हनी, आकाश गुप्ता, प्रद्युम्न गुप्ता, अमन राठौर, मोनिका शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजकों ने सभी नागरिकों से महोत्सव में सहभागिता और सहयोग की अपील की।
