दिल्ली में बड़ा आतंकी हमला टला: दिवाली पर राजधानी को दहलाने की साजिश नाकाम, ISIS से जुड़े दो आतंकी गिरफ्तार

नई दिल्ली (24 अक्टूबर)। दिवाली से पहले दिल्ली पुलिस ने राजधानी को दहलाने की साजिश को नाकाम करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। स्पेशल सेल की टीम ने आतंकवादी संगठन आईएसआईएस (ISIS) से जुड़े दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाकों में धमाका करने की योजना बना रहे थे। पुलिस के अनुसार, अगर इनका प्लान कामयाब हो जाता तो भारी जनहानि हो सकती थी।

दिल्ली और भोपाल से की गई गिरफ्तारी
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दोनों आरोपियों को दिल्ली और भोपाल से गिरफ्तार किया। इनमें से एक आरोपी दिल्ली के सादीक नगर का निवासी है, जबकि दूसरा मध्य प्रदेश के भोपाल से पकड़ा गया है। 16 अक्टूबर को सादीक नगर से पहले आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने भोपाल निवासी अदनान को दबोचा। बताया जा रहा है कि अदनान पहले भी ग्यानवापी मस्जिद सर्वे के दौरान सोशल मीडिया पर धमकी भरे पोस्ट डालने के कारण चर्चा में आया था।

दिवाली पर धमाके की थी साजिश
जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी दिवाली के दौरान दिल्ली के भीड़भाड़ वाले स्थानों जैसे साउथ दिल्ली के प्रसिद्ध मॉल और एक सार्वजनिक पार्क को निशाना बनाना चाहते थे। पुलिस ने उनके पास से टाइमर डिवाइस, विस्फोटक सामग्री, आईएसआईएस से जुड़े वीडियो और बम बनाने की जानकारी से जुड़ी चीजें बरामद की हैं। आरोपियों ने हमले से पहले कई जगहों की रेकी (सर्वे) भी की थी।

विदेशी हैंडलरों से संपर्क के सबूत
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से ऐसे प्रमाण मिले हैं जो यह दर्शाते हैं कि वे विदेशी हैंडलरों से संपर्क में थे। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि क्या उनका संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई या किसी अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठन से है।

आत्मघाती हमले की कर रहे थे तैयारी
स्पेशल सेल के अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपी फिदायीन हमले यानी आत्मघाती धमाके की ट्रेनिंग ले रहे थे। उनके पास से मिली सामग्री से साफ है कि वे बम धमाके की पूरी तैयारी में थे और घड़ी को टाइमर की तरह इस्तेमाल करने का तरीका भी सीखा था।

पुलिस फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि दिल्ली या भोपाल में इनके अन्य सहयोगी कहां सक्रिय हैं। इस सफलता को दिल्ली पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी काउंटर टेरर ऑपरेशन उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.