Sonbhadra: नदी से अवैध बालू खनन कर बन रहा छठ घाट, ग्रामीणों ने जांच की उठाई मांग

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/ अजीत पाण्डेय

सोनभद्र (बभनी)। ग्राम पंचायत चपकी के कारीडाड़ में विधायक निधि से बन रहे छठ घाट निर्माण में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा अजीर नदी पुल के नीचे से अवैध रूप से बालू निकालकर घाट निर्माण में प्रयोग किया जा रहा है। साथ ही लोकल बोल्डर और घटिया निर्माण सामग्री का भी उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुल के दो पिलरों के बीच से बालू निकालने से पुल की नींव कमजोर हो रही है और राजस्व को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

विरोध के बावजूद निर्माण कार्य जारी है।
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि व्यास चन्द्र विश्वकर्मा ने कहा कि घटिया सामग्री और खराब कारीगरी से निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, जिससे सुरक्षा और स्थायित्व को खतरा है। उन्होंने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। इस मामले में वन क्षेत्राधिकारी बमनी प्रेम प्रकाश चौबे ने कहा कि जांच कराई जाएगी, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की टीम पहुंचने से पहले खनन स्थल को झाड़ियों से ढकवा दिया गया।

बताया जा रहा है कि इसी स्थान पर डेढ़ वर्ष पूर्व भी विधायक निधि से छठ घाट का निर्माण कराया गया था, और अब पुनः उसी नदी पर मात्र 50 मीटर की दूरी पर नया घाट बनवाया जा रहा है। ग्रामीणों ने दोहराए जा रहे इस निर्माण को भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए जिलाधिकारी से जांच की मांग की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.