STF टीम ने पकड़ा नकली खाद का गोदाम, हजारों कट्टे जब्त — आरोपी राहुल सिंघल हिरासत में

गाज़ियाबाद, 15 अक्टूबर 2025। गाज़ियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र में विशेष कार्य बल (STF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली खाद बनाने और बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई बीएसएनएल चौक बंबा रोड स्थित एक गोदाम पर की गई, जहां से हजारों कट्टे नकली खाद और डीएपी बरामद किए गए। बरामद माल की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

मुख्य आरोपी राहुल सिंघल को एसटीएफ टीम ने मौके से हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि यह गिरोह लंबे समय से आगरा, राजस्थान समेत कई राज्यों में नकली खाद की सप्लाई कर रहा था।

एसटीएफ को इस गिरोह की गतिविधियों की जानकारी कई दिनों से मिल रही थी। गोपनीय सूचना के आधार पर बुधवार को टीम ने कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर छापा मारा। मौके पर जिला कृषि अधिकारी और नायब तहसीलदार प्रशांत कुमार की मौजूदगी में गोदाम को सील कर दिया गया।

नायब तहसीलदार प्रशांत कुमार ने बताया कि छापेमारी में लगभग 900 से अधिक कट्टे नकली खाद बरामद किए गए हैं। फिलहाल गोदाम को सील कर दिया गया है और आरोपी के खिलाफ मुरादनगर थाने में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों ने आशंका जताई है कि इस रैकेट के तार कई जिलों और राज्यों से जुड़े हो सकते हैं। एसटीएफ अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.