कुरुक्षेत्र, हरियाणा | 15 अक्टूबर (एम.पी. भार्गव): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज कुरुक्षेत्र को इलेक्ट्रिक बस सेवा की सौगात दी। इस सेवा की शुरुआत राज्य परिवहन हरियाणा द्वारा भारत सरकार के राष्ट्रीय इलेक्ट्रिक मोबिलिटी मिशन 2020 के अंतर्गत की गई है। मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र में 10 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
दीपावली तक यात्रियों के लिए फ्री सफर
राज्य सरकार ने घोषणा की है कि दीपावली तक यात्री इलेक्ट्रिक बसों में नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगे। यह पहल जनता को इस पर्यावरण-हितैषी परिवहन प्रणाली से जोड़ने और उन्हें इसके उपयोग के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से की गई है।
स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त परिवहन की दिशा में कदम
इलेक्ट्रिक बसों का संचालन प्रदूषण मुक्त परिवहन प्रणाली को बढ़ावा देगा और शहर के पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में मदद करेगा। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि यह पहल हरियाणा को ग्रीन एनर्जी और सस्टेनेबल मोबिलिटी की दिशा में आगे ले जाने वाला महत्वपूर्ण कदम है।
धार्मिक मेलों में भी मिलेगी सुविधा
इलेक्ट्रिक बस सेवा का संचालन विशेष रूप से गीता जयंती महोत्सव और आगामी सूर्य ग्रहण मेले जैसे अवसरों पर भी किया जाएगा, जिससे कुरुक्षेत्र आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर व सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध हो सकेगा।
अलग-अलग रूटों पर चलेगी बसें
कुरुक्षेत्र शहर के भीतर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर ये इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इससे स्थानीय आवागमन सुगम होगा और ट्रैफिक जाम एवं प्रदूषण में कमी आएगी।
10 शहरों में सिटी बस डिपो का निर्माण जारी
राज्य परिवहन विभाग ने जानकारी दी कि 375 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए हरियाणा के 10 प्रमुख शहरों में सिटी बस सेवा डिपो का निर्माण किया जा रहा है। इससे पूरे प्रदेश में इलेक्ट्रिक बस नेटवर्क को सशक्त बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में हरियाणा को “ग्रीन ट्रांसपोर्ट स्टेट” के रूप में विकसित किया जाए। इलेक्ट्रिक बस सेवा इसी दिशा में एक मजबूत और ऐतिहासिक शुरुआत है।
