सोनभद्र: लोकसेवा आयोग की परीक्षा का 10 केंद्रों पर हुआ आयोजन, जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक वन संरक्षक एवं क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2025 का आयोजन रविवार को जनपद सोनभद्र में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। परीक्षा के लिए जिले में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। डीआईओएस जयराम सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, इंटरनेट कनेक्टिविटी एवं डीवीआर सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय और पर्याप्त फर्नीचर की व्यवस्था की गई थी। बिजली की निर्बाध आपूर्ति हेतु जनरेटर सहित वैकल्पिक इंतजाम भी किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई थी।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई — पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 से 4:00 बजे तक।जिले के जिन संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था उनमें राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, चंद्रगुप्त मौर्य इंटर कॉलेज, पं. दीनदयाल उपाध्याय मॉडल इंटर कॉलेज मुढ़लाडीह, राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज रामगढ़, शहनाज साहब इंटर कॉलेज और गुरुद्वारा इंटर कॉलेज चोपन शामिल रहे। इसी क्रम में जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने राजकीय बालिका इंटर मीडिएट कालेज राबर्ट्सगंज एवं पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज मुड़िलाडीह घोरावल परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेते हुए केंद्र व्यवस्थापकों व संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा के दौरान शुचिता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुचित गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.