रामपुर। आज दिनांक 12 अक्टूबर 2025 को अपर पुलिस अधीक्षक, रामपुर द्वारा आगामी पी.सी.एस. परीक्षा-2025 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए जिले के प्रमुख परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने राजकीय रज़ा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजकीय जुल्फिकार बालिका इंटर कॉलेज तथा राजकीय पॉलिटेक्निक रामपुर सहित अन्य केन्द्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश द्वारों की चेकिंग, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति एवं नियंत्रण कक्षों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केन्द्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा से जुड़े सभी कर्मियों को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति केन्द्र, थाना बिलासपुर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत संचालित सुविधाओं, रजिस्टरों के संधारण, शिकायत निवारण की प्रक्रिया एवं महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने महिला संबंधित मामलों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण उपरांत अपर पुलिस अधीक्षक, रामपुर ने गुरुद्वारा पसियापुर का भ्रमण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा ड्यूटीरत कर्मियों को सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी बिलासपुर भी मौजूद रहे।
वहीं, जिलाधिकारी, रामपुर एवं पुलिस अधीक्षक, रामपुर ने भी आज पीसीएस परीक्षा-2025 की तैयारियों के तहत परीक्षा केन्द्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, परीक्षा कक्षों की साफ-सफाई, प्रवेश द्वारों पर चेकिंग व्यवस्था एवं नियंत्रण कक्ष की स्थिति का गहन अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
इसके अलावा जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, रामपुर द्वारा एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने सुरक्षा उपकरणों, त्वरित प्रतिक्रिया टीम की तत्परता और आपातकालीन कार्रवाई की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को सतर्कता बनाए रखने तथा तय प्रोटोकॉल के पालन के निर्देश दिए।
उधर, क्षेत्राधिकारी मिलक ने पटाखा विक्रेताओं एवं क्षेत्र के सम्भ्रांत व्यक्तियों के साथ गोष्ठी कर सुरक्षा व्यवस्था व नियमों के पालन संबंधी दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने थाना मिलक क्षेत्रान्तर्गत परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश द्वारों की चेकिंग व नियंत्रण कक्ष की स्थिति की समीक्षा की।
प्रशासन एवं पुलिस विभाग की इन तैयारियों से यह स्पष्ट है कि पीसीएस परीक्षा-2025 को लेकर रामपुर में सुरक्षा एवं अनुशासन के प्रति विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
