शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ समय पर करें निपटान: डीसी शांतनु शर्मा

ऐलनाबाद,सिरसा, 11अक्टूबर(एम पी भार्गव): उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि समाधान शिविर में जो शिकायतें आए, उन पर कार्यवाही करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारी मौके का निरीक्षण भी करें ताकि शिकायत के संबंध में सही जानकारी के साथ समाधान किया जा सके। उपायुक्त शुक्रवार को स्थानीय लघु सचिवालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में समाधान प्रकोष्ठ की साप्ताहिक समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविर में आई शिकायतों की सरकार के स्तर पर भी समीक्षा की जाती है और हर शुक्रवार को उच्च अधिकारी जिले से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत का उचित समाधान करने का प्रयास किया जाए ताकि शिकायत को रिओपन न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जो शिकायत कई विभागों से संबंधित है, उसे मुख्य एक विभाग को न भेज कर सभी से रिपोर्ट ली जाए।
उपायुक्त ने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्र में सीवरेज, सडक़ व गली टूटने या उनसे संबंधित जो भी शिकायतें है, उस पर तत्काल कार्रवाई करें और जब अधिकारी मौके का निरीक्षण करें तो शिकायतकर्ता को भी इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान रखा जाए। उपायुक्त ने पंचायत, बिजली निगम, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग से जुड़ी एक-एक शिकायत की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो शिकायतें लंबित हैं, उनकी मॉनिटरिंग संबंधित विभाग के उच्च अधिकारी भी करें ताकि समय पर उचित समाधान हो सके।
उपायुक्त ने बताया कि समाधान शिविर में आई 7028 शिकायतों में से 5837 का समाधान किया जा चुका है। 233 शिकायतों के समाधान का कार्य जारी है, 613 शिकायतें रिजेक्ट की जा चुकी हैं जबकि 283 रिओपन की गई है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर एक ही छत के नीचे आमजन की सभी प्रकार की शिकायतों का समाधान का सशक्त माध्यम है। इसलिए जब भी कोई जनशिकायत आती है तो अधिकारी गंभीरता के साथ कार्य करते हुए स्थाई समाधान करें और इसके बारे में परिवादी को भी अवगत करवाएं।
उन्होंने बताया कि सप्ताह में प्रत्येक सोमवार व वीरवार को प्रात: 10 से 12 बजे तक जिला व उपमंडल पर समाधान शिविर लगाया जाता है। सिरसा में समाधान शिविर का आयोजन लघु सचिवालय के 63 नंबर में होगा। आमजन की कोई भी समस्या हो, उसे समाधान शिविर में रखें और उसका समाधान करवाएं। उपमंडल स्तर पर भी नागरिकों की सुविधा के लिए समाधान शिविर का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर नगर परिषद के ईओ सुनील कुमार, बीडीपीओ सार्थक श्रीवास्तव, बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता धीरज कुमार, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता विजय कुमार, डीडीपीओ कार्यालय से अधीक्षक मोहन लाल मौजूद रहै।

Leave A Reply

Your email address will not be published.