विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस और सीएपीएफ की मुहिम तेज,निष्पक्ष व भयमुक्त मतदान की तैयारी
एसडीपीओ शिवम कुमार के नेतृत्व में चलाया गया वाहन चेकिंग अभियान
- रिपोर्ट: सरफराज आलम
लखीसराय : आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ शिवम कुमार के नेतृत्व में लखीसराय पुलिस और सी ए पी एफ के जवानों ने संयुक्त रूप से वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों, अवैध हथियारों, नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित वस्तुओं की गहन जांच की गई। चुनावी माहौल को देखते हुए प्रशासन ने जिले में सघन निगरानी शुरू कर दी है। लखीसराय और सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले पुलिस सक्रिय मोर्चे पर उतर आई है। अपराधियों और असामाजिक तत्वों की धरपकड़ की जा रही है ताकि मतदान निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न हो सके। एसपी अजय कुमार ने बताया कि किसी भी स्थिति में शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी थानों को नियमित गश्त बढ़ाने और विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और मतदाता निडर होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।एसपी अजय कुमार ने बताया कि नक्सली और सीमावर्ती क्षेत्रों पर पुलिस की पहनी नजर है।उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।
